CG News: महापुरुषों की प्रतिमाओं का होगा डिजिटल रिकॉर्ड, सफाई और रखरखाव के लिए 12 निर्देश जारी
CG News: प्रदेश के नगरों में स्थापित महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महान विभूतियों की प्रतिमाओं की अब नियमित देखभाल की जाएगी. नगरीय निकाय विभाग ने सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को प्रतिमाओं की साफ-सफाई, सुरक्षा और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही प्रतिमाओं की पूरी जानकारी नियमित रूप से क्षेत्रीय कार्यालय को देनी होगी. हर तीन महीने में इसकी रिपोर्ट देना अनिवार्य किया गया है.
.jpg)
12 बिंदुओं में जारी हुए निर्देश
विभाग ने सभी नगरीय निकायों को 12 बिंदुओं के निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत प्रत्येक निकाय को अपने क्षेत्र में मौजूद सभी प्रतिमाओं की सूची तैयार करनी होगी. इसमें प्रतिमा का नाम, स्थान, स्थापना वर्ष, वर्तमान स्थिति और उसके रखरखाव की जिम्मेदारी जैसी जानकारी दर्ज होगी. प्रतिमाओं का नियमित निरीक्षण कर सफाई, धुलाई, पेंटिंग और पालिशिंग के साथ चबूतरे, रेलिंग, फर्श, सीढ़ियों और चारदीवारी का भी रखरखाव करना होगा.
हरियाली और रोशनी पर भी जोर
प्रतिमाओं के आसपास के परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए हरित क्षेत्र विकसित करने, फूलों के पौधे लगाने और बेहतर प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. सुरक्षा की जरूरत के अनुसार बाड़ और रेलिंग भी लगाई जाएगी. परिसर में अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, पोस्टर, बैनर और विज्ञापन लगाने पर रोक रहेगी. साथ ही प्रत्येक प्रतिमा के पास संबंधित महापुरुष का संक्षिप्त परिचय देने वाली सुवाच्य पट्टिका लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं.
जयंती और पुण्यतिथि पर विशेष व्यवस्था
महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों पर प्रतिमाओं और उनके आसपास के परिसर की विशेष सफाई, सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी. प्रत्येक नगरीय निकाय को एक नोडल अधिकारी नियुक्त करना होगा, जो प्रतिमाओं के रखरखाव की निगरानी करेगा. इसके लिए वार्षिक कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी, ताकि व्यवस्था केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रहे.
पहले और बाद की तस्वीरों से बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड
प्रतिमाओं की स्थिति में होने वाले बदलाव की निगरानी के लिए पहले और बाद की तस्वीरों के साथ डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा. इस रिकॉर्ड में प्रतिमा और उसके आसपास के परिसर की स्थिति दर्ज होगी. संबंधित निकायों को यह जानकारी नियमित रूप से अपडेट करनी होगी और हर तीन महीने में रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय को भेजनी होगी. सरकार के इस कदम का उद्देश्य महापुरुषों की प्रतिमाओं को सम्मानजनक और व्यवस्थित स्थिति में बनाए रखना है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा को बढ़ावा, 2100 मेगावाट अक्षय ऊर्जा से हो रहा बिजली उत्पादन




