CG News: सहकारी समिति से मिली सुविधाओं ने बदली खेती की तस्वीर, किसान विष्णु राठौर बने मिसाल
CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लालपुर गांव के प्रगतिशील किसान विष्णु राठौर आज अपने क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। समय पर खाद और बीज की उपलब्धता ने उनकी खेती को नई दिशा दी है और उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

पहले होती थी परेशानी
विष्णु राठौर बताते हैं कि कुछ समय पहले तक उन्हें खेती के लिए आवश्यक खाद और बीज समय पर नहीं मिल पाते थे। इसके कारण बुआई और फसल प्रबंधन प्रभावित होता था, जिससे उत्पादन पर भी असर पड़ता था। कई बार कृषि सामग्री के लिए उन्हें अलग-अलग स्थानों पर भटकना पड़ता था, किसान विष्णु राठौर के अनुसार अब सहकारी समिति के माध्यम से उन्नत बीज, डीएपी, रासायनिक खाद और नैनो यूरिया समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो रहे हैं। इससे खेती की पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और आसान हो गई है।
धान के साथ सब्जियों की भी खेती
विष्णु राठौर धान की खेती के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की सब्जियों का भी उत्पादन करते हैं। उनका कहना है कि समय पर कृषि सामग्री मिलने से बुआई, पोषण प्रबंधन और फसल देखभाल के कार्य बेहतर तरीके से हो पा रहे हैं, किसान का कहना है कि नैनो यूरिया और संतुलित उर्वरकों के उपयोग से फसलों की वृद्धि बेहतर हुई है। इससे उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है और सब्जियों की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। आधुनिक कृषि तकनीकों और उर्वरकों के उपयोग से खेती अधिक लाभकारी बन रही है।
सहकारी व्यवस्था से बढ़ा भरोसा
विष्णु राठौर का मानना है कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं और सहकारी समितियों की बेहतर व्यवस्था ने किसानों की कई समस्याओं का समाधान किया है। अब आवश्यक कृषि संसाधन आसानी से उपलब्ध होने से किसानों का खेती के प्रति भरोसा और उत्साह बढ़ा है, विष्णु राठौर की सफलता यह दर्शाती है कि यदि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और तकनीकी मार्गदर्शन मिले तो वे कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकते हैं। उनकी खेती आज क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का उदाहरण बन चुकी है।

