CG News: प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से मिला आर्थिक संबल, सुकमा के परिवार को समय पर 2 लाख रुपये की सहायता
CG News: सुकमा जिले में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ने एक जरूरतमंद परिवार को कठिन समय में बड़ा सहारा दिया है. इस योजना के तहत सुदूर वनांचल क्षेत्र के एक परिवार को समय पर 2 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि प्राप्त हुई.

अचानक निधन के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कोंटा विकासखंड के ग्राम आरलमपल्ली की दुर्गा स्व-सहायता समूह से जुड़ी दुधी सन्नी का 8 अप्रैल 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था. इस घटना के बाद परिवार पर आर्थिक और भावनात्मक संकट की स्थिति बन गई.
दो महीने में मिला बीमा दावा
बिहान योजना की टीम और संबंधित अधिकारियों के समन्वय से बीमा दावा प्रक्रिया तेजी से पूरी की गई. सभी दस्तावेज भारतीय स्टेट बैंक, दोरनापाल शाखा को भेजे गए, जहां आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता से पूरी की गईं. इसके बाद 27 मई 2026 को मृतिका के पति के खाते में 2 लाख रुपये की राशि जमा कर दी गई.
टीमवर्क से मिली त्वरित राहत
इस पूरी प्रक्रिया में बिहान टीम, बैंक अधिकारियों और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों ने अहम भूमिका निभाई. सभी के सहयोग से दूरस्थ क्षेत्र के परिवार को बिना अनावश्यक देरी के सहायता राशि उपलब्ध कराई गई.
योजना बन रही है सुरक्षा कवच
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ऐसे परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच के रूप में काम कर रही है, जहां कमाने वाले सदस्य के अचानक निधन की स्थिति में परिवार को तत्काल सहायता मिलती है. इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि समय पर योजनाओं का लाभ मिलने से कठिन परिस्थितियों में परिवारों को बड़ा सहारा मिलता है.
