CG News: सुकमा ने रचा इतिहास, 17 स्वास्थ्य केंद्रों को मिला राष्ट्रीय प्रमाणपत्र
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार देखने को मिला है. जिले के स्वास्थ्य केंद्र अब राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतर रहे हैं.
राष्ट्रीय उपलब्धि
विकासखंड सुकमा-01 स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक यानी एनक्वास प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है. यह जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
गुणवत्ता के मानक
भारत सरकार के मूल्यांकन में इस स्वास्थ्य केंद्र ने 93.04 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. यह उपलब्धि पूरी स्वास्थ्य टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, एनक्वास प्रमाणपत्र उन स्वास्थ्य संस्थानों को दिया जाता है जो स्वच्छता, मरीजों की देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, लैब सुविधाओं और समग्र स्वास्थ्य प्रबंधन जैसे सभी मानकों पर खरे उतरते हैं.
जनसेवा का विस्तार
यह स्वास्थ्य केंद्र लगभग 7,417 ग्रामीणों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है. इसमें प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला और प्रशिक्षित स्टाफ की सुविधा उपलब्ध है, सरकारी योजनाओं और बेहतर प्रशासनिक प्रयासों के चलते सुकमा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर लगातार सुधर रहा है. अब 17 स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणपत्र प्राप्त कर चुके हैं.

