CG News: शिपराक गोयल और चार्वी अग्रवाल बने छत्तीसगढ़ के संयुक्त स्टेट टॉपर, हासिल की शानदार ऑल इंडिया रैंक
CG News: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी, NTA द्वारा घोषित री-NEET UG 2026 के परिणामों में छत्तीसगढ़ के छात्रों ने शानदार सफलता हासिल की है. प्रदेश के दो होनहार विद्यार्थियों, शिपराक गोयल और चार्वी अग्रवाल ने 99.9930996 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से छत्तीसगढ़ स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. दोनों की इस उपलब्धि से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है.

शिपराक गोयल ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक 117
शिपराक गोयल ने री-NEET UG 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 99.9930996 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक 117 हासिल की है. इस सफलता के साथ उन्होंने न केवल राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया, बल्कि देशभर के टॉप अभ्यर्थियों में भी अपनी जगह बनाई, छत्तीसगढ़ की छात्रा चार्वी अग्रवाल ने भी 99.9930996 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया. उन्हें ऑल इंडिया रैंक 136 मिली है. समान परसेंटाइल होने के बावजूद टाई-ब्रेकिंग नियमों के कारण दोनों की राष्ट्रीय रैंक अलग-अलग रही. चार्वी भी संयुक्त रूप से प्रदेश की स्टेट टॉपर बनी हैं.
अनारक्षित श्रेणी से हासिल की बड़ी सफलता
शिपराक गोयल और चार्वी अग्रवाल दोनों ने अनारक्षित, UR श्रेणी से यह उपलब्धि हासिल की है. देश की सबसे कठिन मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल री-NEET में इतनी ऊंची रैंक प्राप्त करना उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और बेहतर तैयारी का परिणाम माना जा रहा है. उनकी सफलता प्रदेश के अन्य मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है, 21 जून को आयोजित री-NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक NTA पोर्टल पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉग इन करना होगा. लॉग इन करने के बाद स्कोरकार्ड डाउनलोड और प्रिंट किया जा सकता है.
परीक्षा शुल्क रिफंड की अंतिम तारीख बढ़ी
NTA ने 3 मई को आयोजित परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क रिफंड की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई कर दी है. जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपने बैंक खाते की जानकारी जमा नहीं की है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर बैंक डिटेल अपडेट कर सकते हैं. NTA के अनुसार अब तक 11.46 लाख उम्मीदवार अपनी बैंक जानकारी जमा कर चुके हैं. बाकी उम्मीदवारों को भी समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है.



