CG News: छत्तीसगढ़ बजट 2027-28 की तैयारी शुरू, दिसंबर से जनवरी तक होगी विभागों के साथ चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ में साय सरकार के चौथे बजट यानी वित्तीय वर्ष 2027-28 की तैयारी शुरू हो गई है. वित्त विभाग ने सभी एसीएस, पीएस, सचिवों और विभागाध्यक्षों को बजट प्रस्ताव तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में भेजने के निर्देश दिए हैं. बजट प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होगी और विभागों को 20 नवंबर तक अपने प्रस्ताव अंतिम रूप से जमा करने होंगे.

दिसंबर में सचिवों के साथ होगी चर्चा
बजट प्रस्ताव जमा होने के बाद वित्त विभाग स्तर पर इनकी समीक्षा की जाएगी. 1 दिसंबर से 17 दिसंबर तक वित्त सचिव संबंधित विभागों के सचिवों के साथ प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे. इसके बाद 4 जनवरी से 18 जनवरी तक वित्त मंत्री अन्य विभागीय मंत्रियों के साथ नवीन मदों के प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे.
आदिवासी और अनुसूचित जाति योजनाओं पर विशेष प्रक्रिया
वित्त सचिव ने निर्देश दिए हैं कि आदिवासी क्षेत्र उपयोजना और अनुसूचित जातियों के लिए विशेष घटक योजना से जुड़े बजट प्रस्ताव आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के वित्तीय सलाहकार प्रकोष्ठ को भेजे जाएं. नवीन व्यय के प्रस्तावों को सूक्ष्म परीक्षण के बाद शामिल कराने पर जोर दिया गया है. 2027-28 के बजट में अपरीक्षित नवीन मदों की तुलना में परीक्षित मदों के प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाएगी.
अपरीक्षित नवीन मदों पर मंत्री स्तर पर फैसला
निर्देशों के मुताबिक अपरीक्षित नवीन मद के प्रस्तावों पर केवल मंत्री-स्तरीय चर्चा के दौरान ही विचार किया जाएगा. वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित योजनाओं का समेकित बजट प्रस्ताव विभागीय स्तर पर चर्चा के बाद तैयार किया जाएगा. इसके बाद इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर वित्त विभाग को भेजना होगा.
केंद्रीय योजनाओं के लिए बजट शीर्ष खोलने के निर्देश
केंद्र प्रवर्तित योजनाओं को समय पर लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय विभागों से संपर्क कर SNA-SPARSH मॉडल के माध्यम से संचालित योजनाओं के लिए उचित बजट शीर्ष खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं. इसका उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी रोकना और राशि की विमुक्ति में आने वाली बाधाओं को दूर करना है. अब वित्त विभाग की समय-सीमा के अनुसार अलग-अलग विभाग अपने प्रस्तावों को अंतिम रूप देने में जुटेंगे.


One Response