CG News: राष्ट्रपति भवन पहुंची पिथौरा की नन्ही प्रतिभाएं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बच्चों से बंधवाई राखी
CG News: महासमुंद जिले के पिथौरा के चार स्कूली विद्यार्थियों के लिए रक्षाबंधन का पर्व जिंदगी की खास याद बन गया. रामदर्शन पब्लिक स्कूल के आदित्य शर्मा, नितेश साहू, पुष्पराज ध्रुव और जयश बरिहा को राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिला. इस दौरान स्कूल के प्रिंसिपल जोगिंद्र मेहर भी बच्चों के साथ मौजूद रहे.

राष्ट्रपति ने बच्चों से पूछा, कहां से आए हो
राष्ट्रपति भवन में बच्चों के लिए सबसे खास पल उस समय आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनसे आत्मीयता के साथ उनके गृह राज्य के बारे में पूछा. बच्चों ने पूरे गर्व के साथ एक साथ जवाब दिया, छत्तीसगढ़. बच्चों के इस जवाब पर राष्ट्रपति ने मुस्कुराते हुए छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया कहा, जिसके बाद पूरा माहौल खुशी और उत्साह से भर गया.

रक्षाबंधन का यादगार बना अवसर
रक्षाबंधन के मौके पर राष्ट्रपति भवन जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक परिसर में बच्चों को राष्ट्रपति के सानिध्य में त्योहार मनाने का मौका मिला. राष्ट्रपति के हाथों राखी बंधवाना इन विद्यार्थियों के लिए बेहद खास अनुभव रहा. इस दौरान बच्चों ने न सिर्फ पर्व की खुशियां साझा कीं, बल्कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद से जुड़े इस ऐतिहासिक स्थल को करीब से देखने का अवसर भी पाया.
चार साल पुराने स्कूल को मिली राष्ट्रीय पहचान
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, रामदर्शन पब्लिक स्कूल की शुरुआत पिथौरा में करीब चार वर्ष पहले हुई थी. इतने कम समय में स्कूल के विद्यार्थियों का राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना संस्था के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. बच्चों की इस उपलब्धि से स्कूल के साथ पिथौरा नगर और पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है.
बच्चों के लिए हमेशा याद रहेगा यह पल
पिथौरा की माटी से देश की राजधानी तक का यह सफर चारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक अनुभव बन गया है. राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन मनाने की याद उनके जीवन में लंबे समय तक बनी रहेगी. बच्चों की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और स्कूल के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह छोटे शहरों और कस्बों से निकलने वाली प्रतिभाओं के लिए भी एक प्रेरणा है कि बड़े सपनों को मेहनत और अवसर के जरिए नई ऊंचाई दी जा सकती है.
यह भी पढ़ें : Jashpur News: जशपुर को 93 करोड़ की सौगात, डिप्टी CM अरुण साव ने शतरंज प्रतियोगिता का किया उद्घाटन


