CG News: स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर संगठन की अहम बैठकें, दो दिन में 12 मीटिंग, कार्यकर्ताओं से लेकर मंत्रियों तक से करेंगी चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है. प्रदेश भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी रविवार को दो दिवसीय दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंचीं. उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी पहुंचे. अपने दौरे के दौरान स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन से जुड़े विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें करेंगी. उनके स्वागत के लिए स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पार्टी के 16 नामित पदाधिकारी पहुंचे. इस दौरान स्वागत कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखा गया. पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि वीआईपी कल्चर स्थायी नहीं रहता, कार्यकर्ता स्थायी होता है.

दो दिनों में 12 बैठकों के जरिए संगठन की समीक्षा
स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकें करेंगी. इन बैठकों में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति और विभिन्न स्तरों पर कामकाज की समीक्षा की जाएगी. पहले दिन 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से 11.30 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना जाएगा. इसके बाद सुबह 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, संगठन महामंत्री और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक होगी. दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीति पर चर्चा की जाएगी, जबकि 1.30 बजे से 2.30 बजे तक संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक निर्धारित है.

पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और कोर ग्रुप के साथ चर्चा
दौरे के पहले दिन दोपहर बाद भी बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3.30 बजे से शाम 5 बजे तक पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों के साथ चर्चा होगी. इसके बाद शाम 5.30 बजे से 7 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी. दिन की अंतिम बैठक शाम 7 बजे से रात 8.30 बजे तक भाजपा के कोर ग्रुप के साथ प्रस्तावित है. इन बैठकों के जरिए संगठन के अलग-अलग स्तरों से जुड़े नेताओं के विचारों और सुझावों पर चर्चा की जाएगी.

दूसरे दिन विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ बैठक
स्मृति ईरानी के दौरे के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को भी कई महत्वपूर्ण बैठकें निर्धारित हैं. सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी. इसके बाद सुबह 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक सांसदों के साथ बैठक होगी. दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ चर्चा की जाएगी. इस दौरान संगठन और जनप्रतिनिधियों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा.
निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों के साथ होगी समीक्षा
दौरे के दूसरे दिन दोपहर 3 बजे स्मृति ईरानी निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी. दो दिनों तक चलने वाली इन बैठकों में प्रदेश भाजपा संगठन से जुड़े विभिन्न पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाएगा. स्मृति ईरानी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पार्टी प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और रणनीति को लेकर अलग-अलग स्तर पर चर्चा कर रही है.


One Response