CG News: छत्तीसगढ़ में Driving License का नया नियम, टेस्ट के दौरान 10 से 15 मिनट का वीडियो अनिवार्य
CG News: छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में एक नया नियम लागू किया है, अब लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले लोगों को टेस्ट के दौरान ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा से जुड़ा जागरूकता वीडियो देखना अनिवार्य होगा, विभाग ने यह पहल सड़क हादसों को कम करने और नए वाहन चालकों को यातायात नियमों की बेहतर जानकारी देने के उद्देश्य से शुरू की है.

10 से 15 मिनट का वीडियो देखना होगा
नई व्यवस्था के तहत ऑनलाइन ड्राइविंग टेस्ट या परीक्षा प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को करीब 10 से 15 मिनट का विशेष वीडियो दिखाया जाएगा, इस वीडियो को पूरा देखने के बाद ही लाइसेंस की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी, वीडियो में सड़क सुरक्षा के नियमों के साथ अलग-अलग ट्रैफिक साइन, सड़क पर लगे संकेत और उनके अर्थ की जानकारी भी दी जाएगी.
नशे में ड्राइविंग के नुकसान भी बताए जाएंगे
जागरूकता वीडियो में वाहन चलाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इसकी जानकारी दी जाएगी, इसमें शराब या नशे की हालत में वाहन चलाने के खतरों, ट्रैफिक सिग्नल के मतलब, सड़क संकेतों और सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े जरूरी नियम शामिल होंगे, वीडियो देखने के बाद अभ्यर्थी को अवेयरनेस प्रोग्राम का सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा.
वीडियो के बिना आगे नहीं बढ़ेगी प्रक्रिया
जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैया के अनुसार, लाइसेंस प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को 10 से 15 मिनट का सड़क सुरक्षा जागरूकता वीडियो दिखाया जा रहा है, इसे देखना प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा होगा और वीडियो देखे बिना लाइसेंस की अगली प्रक्रिया पूरी नहीं की जाएगी, विभाग का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना है.
सड़क हादसों के आंकड़े बढ़ा रहे चिंता
छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं, वर्ष 2025 के दौरान राज्य में सड़क हादसों में 6,967 लोगों की जान गई, वहीं वर्ष 2026 में 31 मई तक 6,891 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की जा चुकी थीं, ऐसे में परिवहन विभाग का मानना है कि लाइसेंस प्रक्रिया में सड़क सुरक्षा की जानकारी देने से नए वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा और दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिल सकती है.

One Response