CG News: छत्तीसगढ़ में शहरी विकास को नई गति,पाँच प्रमुख रिडेवलपमेंट परियोजनाओं के टेंडर जारी
CG News:छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने राज्य के विभिन्न शहरों में पाँच प्रमुख रिडेवलपमेंट परियोजनाओं के लिए निविदाएं (टेंडर) जारी कर दी हैं। यह पहल राज्य सरकार की शहरी विकास नीति के तहत शासकीय परिसंपत्तियों के पुनर्विकास, आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार और भूमि के बेहतर उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इन परियोजनाओं के लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग को नोडल विभाग तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है। सभी परियोजनाओं के लिए प्रिलिमिनरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट (PPR) और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार किए जा चुके हैं।
पाँच शहरों में विकसित होंगी परियोजनाएं
कुल पाँच रिडेवलपमेंट परियोजनाएं रायपुर (शंकर नगर बी.टी.आई. ग्राउंड के सामने), महासमुंद (क्लब पारा), राजनांदगांव (कैलाश नगर), कोरबा (कटघोरा) और जगदलपुर (चांदनी चौक फेज-2) में प्रस्तावित हैं। इन परियोजनाओं का कुल क्षेत्रफल लगभग 19.14 एकड़ है, जबकि संशोधित गाइडलाइन दरों के अनुसार इनका अनुमानित मूल्य करीब 250.30 करोड़ रुपये आंका गया है।
रायपुर परियोजना पर विशेष फोकस
राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बी.टी.आई. ग्राउंड के सामने प्रस्तावित परियोजना को विशेष महत्व दिया गया है। यह क्षेत्र शैक्षणिक, प्रशासनिक, व्यावसायिक और आवासीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। इस परियोजना के विकसित होने से क्षेत्र में आधुनिक अधोसंरचना का विस्तार होगा और शासकीय भूमि का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
रिडेवलपमेंट मॉडल की खासियत
इन परियोजनाओं को रिडेवलपमेंट मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा, जिसमें जर्जर और अनुपयोगी शासकीय परिसंपत्तियों के स्थान पर आधुनिक संरचनाएं बनाई जाएंगी। इस मॉडल की विशेषता यह है कि इसके लिए अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा, बल्कि शासकीय भूमि के मूल्य का उपयोग ही वित्तीय संसाधन के रूप में किया जाएगा।
इससे न केवल राज्य को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा, बल्कि निजी डेवलपर्स को भी प्रमुख स्थानों पर विकास के अवसर मिलेंगे।
सरकार का विजन
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रिडेवलपमेंट नीति के माध्यम से जर्जर परिसंपत्तियों को आधुनिक अधोसंरचना में बदलकर शहरों को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जाएगा।छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि ये परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि शहरी कायाकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास हैं।वहीं आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने टी.एल. बैठक में आगामी आठ नई रिडेवलपमेंट परियोजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ेCG News: चांपा–कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना से छत्तीसगढ़ के विकास और ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई गति


