CG News: महासमुंद में वेतन भुगतान में गड़बड़ी, प्राचार्य समेत 3 कर्मचारी सस्पेंड
CG News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सरकारी कर्मचारियों के वेतन भुगतान और शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने कार्रवाई की है. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरपुर की प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर समेत तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है.

प्राचार्य समेत तीन कर्मचारी निलंबित
कार्रवाई की जद में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर और सहायक ग्रेड-2 के कर्मचारी नारायण प्रसाद निर्मलकर तथा अकील मोहम्मद खान शामिल हैं. DPI के आदेश के अनुसार, तीनों के खिलाफ वेतन भुगतान से जुड़ी अनियमितताओं के मामले में विभागीय कार्रवाई की गई है.

वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी का आरोप
मामले में नारायण प्रसाद निर्मलकर पर आरोप है कि जुलाई 2024 में वेतन और भत्तों की राशि में कथित तौर पर अनियमित तरीके से बढ़ोतरी कर वेतन देयक के माध्यम से कोषालय से राशि निकाली गई और उसका भुगतान किया गया. इसके अलावा मई 2025 से जनवरी 2026 के बीच नियमित वेतन देयकों में मूल वेतन और भत्तों की रकम बढ़ाकर ऑनलाइन बिल तैयार करने तथा ई-बिल के जरिए भुगतान कराने का आरोप है.
सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने का मामला
विभागीय आदेश में इस पूरे मामले को वित्तीय अनियमितता, सरकारी नियमों की अनदेखी और कथित मिलीभगत से जोड़कर देखा गया है. आरोपों के अनुसार, वेतन भुगतान की प्रक्रिया में बदलाव कर शासकीय राशि के भुगतान में गड़बड़ी की गई, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान होने की बात सामने आई है.
निलंबन अवधि में मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर और सहायक ग्रेड-2 अकील मोहम्मद खान को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा. मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई प्रक्रिया के अनुसार जारी रहेगी.


One Response