CG News: राज्य खेल अलंकरण 2025-26 की अंतरिम सूची जारी, पहली बार खिलाड़ियों के अंक भी सार्वजनिक
CG News: छत्तीसगढ़ खेल संचालनालय ने राज्य खेल अलंकरण 2025-26 के लिए अंतरिम सूची जारी कर दी है. इसमें कुल 55 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को अलग-अलग खेल सम्मानों के लिए चयनित किया गया है. इस बार की सूची में पहली बार पात्र खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अर्जित अंक भी शामिल किए गए हैं, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है. राज्य खेल अलंकरण के तहत शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान सहित कई अन्य खेल पुरस्कार दिए जाएंगे.

23 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
अंतरिम सूची जारी होने के बाद खिलाड़ियों को अपने नाम, अंक या चयन से जुड़ी आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया है. इसके लिए 23 अगस्त 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है. खिलाड़ी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि तय तारीख और समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा.
पहली बार सूची में खिलाड़ियों के अंक भी शामिल
इस बार अंतरिम सूची की सबसे खास बात यह है कि खिलाड़ियों के नाम के साथ उन्हें मिले अंक भी सार्वजनिक किए गए हैं. इससे खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के आधार पर दिए गए अंकों की जानकारी खुद देख सकेंगे. अलग-अलग खेलों और उपलब्धियों के आधार पर अंक निर्धारित किए गए हैं. उदाहरण के तौर पर शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार की सूची में बिलासपुर के विकास कुमार को आर्चरी में 47 अंक, बालोद के किरण पिस्ता को फुटबॉल में 37 अंक और रायपुर की दीपांशी नेताम को फेंसिंग में 7 अंक मिले हैं.
ओलंपिक के साथ पैरा और नॉन-ओलंपिक खेल भी शामिल
अंतरिम सूची में अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को जगह दी गई है. इसमें नॉन-ओलंपिक खेलों के साथ पैरा खेलों से जुड़े खिलाड़ी भी शामिल हैं. कबड्डी, सॉफ्ट टेनिस, नेटबॉल और पैरा एथलेटिक्स जैसे खेलों के खिलाड़ियों के नाम भी सूची में दर्ज हैं. दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण किया जाएगा और इसके आधार पर अंतिम सूची जारी की जाएगी.
29 अगस्त को प्रस्तावित है सम्मान समारोह
राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त 2026 को प्रस्तावित है. हालांकि, सम्मान पाने वाले खिलाड़ियों और अन्य चयनित लोगों की अंतिम सूची दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद जारी होगी. पहली बार अंकों को सार्वजनिक करने से खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया समझने में मदद मिलेगी और राज्य खेल अलंकरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: दिल्ली जाएंगे CM साय, केंद्रीय मंत्रियों और BJP के वरिष्ठ नेताओं से होगी मुलाकात




