CG News: स्मार्ट मीटर लगाने में तेजी के निर्देश, CSPDCL ने कहा – अफवाहों पर ध्यान न दें
CG News: केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं. जिन क्षेत्रों में संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां तय समय सीमा के भीतर सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जोड़ने की व्यवस्था लागू की जाएगी. यह नियम उपभोक्ता के प्रीपेड या पोस्टपेड होने के आधार पर अलग नहीं होगा, बल्कि दोनों तरह के कनेक्शन पर स्मार्ट मीटरिंग लागू होगी.

CSPDCL ने बैकुंठपुर मामले पर दी सफाई
स्मार्ट मीटर को लेकर छत्तीसगढ़ में CSPDCL ने भी स्थिति स्पष्ट की है. बैकुंठपुर में स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर हुई जांच में मीटर की खपत 100 प्रतिशत सही पाई गई. जांच के दौरान स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की बिजली खपत में सिर्फ 1 यूनिट का अंतर सामने आया. कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें.
बिजली खपत पर उपभोक्ता रख सकेंगे नजर
स्मार्ट मीटर का एक बड़ा फायदा यह बताया जा रहा है कि उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर ज्यादा आसानी से नजर रख सकेंगे. इससे घर या प्रतिष्ठान में कितनी बिजली इस्तेमाल हो रही है, इसकी जानकारी बेहतर तरीके से मिल सकेगी. उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार बिजली के उपयोग को नियंत्रित कर सकते हैं. इससे बिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता और रीडिंग की सटीकता बढ़ने की उम्मीद है.
ToD टैरिफ से बिल कम करने का मौका
स्मार्ट मीटर व्यवस्था के साथ भविष्य में टाइम ऑफ डे यानी ToD टैरिफ का लाभ भी मिल सकता है. इसके तहत उपभोक्ता पीक समय के बजाय गैर-पीक अवधि में अधिक बिजली इस्तेमाल कर अपने खर्च को नियंत्रित कर सकते हैं. वहीं प्रीपेड स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता अपनी जरूरत के हिसाब से छोटी राशि में रिचार्ज भी कर सकेंगे. RDSS के तहत प्रीपेड स्मार्ट मीटर की तैनाती को बढ़ावा दिया जा रहा है.
डिस्कॉम की व्यवस्था में भी होगा सुधार
केंद्र के मुताबिक स्मार्ट मीटर से सिर्फ उपभोक्ताओं को ही नहीं, बल्कि बिजली वितरण कंपनियों को भी फायदा होगा. इससे ऊर्जा लेखांकन, बिलिंग और परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है. प्रीपेड व्यवस्था में डिस्कॉम को अग्रिम राजस्व मिलने से कार्यशील पूंजी की जरूरत भी कम हो सकती है. मंत्रालय ने राज्यों से मौजूदा नियमों के अनुसार स्मार्ट मीटर लगाने का काम जारी रखते हुए इसकी रफ्तार बढ़ाने का आग्रह किया है.


One Response