CG News : छत्तीसगढ़ में अतिवृष्टि का असर, मुख्यमंत्री साय ने राहत-बचाव कार्य तेज करने के दिए निर्देश
CG News : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ काम किया जाए तथा प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।

चिकित्सा और जलनिकासी पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और चिकित्सा जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं बिना किसी देरी के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जलनिकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत और जनसुविधाओं को सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
सरकार कर रही लगातार मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और राहत सामग्री भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।




