CG News: लोक गायिका पूनम तिवारी को मिलेगा संगीत नाटक अकादमी सम्मान, CM साय ने दी बधाई
CG News: छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका और रंगकर्मी पूनम विराट तिवारी को देश के प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है. प्रदेशभर के कलाकारों और रंगकर्मियों ने भी पूनम तिवारी को शुभकामनाएं दी हैं.
![]()
लोक कला के संरक्षण में अहम योगदान
पूनम विराट तिवारी पिछले कई वर्षों से छत्तीसगढ़ की लोक गायिकी और रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपनी कला के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं को देशभर में पहचान दिलाने का काम किया है. संगीत नाटक अकादमी सम्मान भारत सरकार की ओर से कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है.
हबीब तनवीर के साथ किया लंबा सफर
पूनम तिवारी ने पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात रंगकर्मी हबीब तनवीर के साथ कई नाट्य प्रस्तुतियों में काम किया है. उनके दिवंगत पति दीपक विराट तिवारी भी छत्तीसगढ़ के जाने-माने रंगकर्मी थे. उन्होंने ‘चरणदास चोर’ सहित कई चर्चित नाटकों में अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया था, परिवार के अनुसार, पूनम तिवारी को बचपन से ही संगीत, लोक कला और रंगमंच में विशेष रुचि थी. यही रुचि आगे चलकर उनके सफल कलात्मक सफर की पहचान बनी.
छत्तीसगढ़ी संस्कृति की मजबूत आवाज
राजनांदगांव के ममता नगर निवासी पूनम विराट तिवारी ने अपनी मधुर आवाज और लोक प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ी संस्कृति को नई पहचान दिलाई है. उनका लोकप्रिय लोकगीत ‘चोला माटी के हे राम’ सहित कई प्रस्तुतियां लोगों के बीच बेहद पसंद की जाती हैं.
प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
संगीत नाटक अकादमी सम्मान मिलने से पूनम विराट तिवारी ने न केवल अपने लंबे कला सफर को नई पहचान दिलाई है, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और रंगमंच को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है. यह उपलब्धि प्रदेश के कलाकारों और लोक संस्कृति से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणा का विषय मानी जा रही है.



