CG News: छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण पर जोर, 68 लाख महिलाओं को मिल रहा ₹1000, 13.85 लाख बनीं लखपति दीदी
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चिकित्सा, शिक्षा, खेल, पत्रकारिता, साइबर सुरक्षा, कला-संस्कृति, कृषि, उद्यमिता और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया. समारोह की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की नई अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने की. इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं.

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर फोकस
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य सिर्फ सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि महिलाओं को रोजगार, व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना भी है. उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है. सरकार के अनुसार अब तक योजना की 31 किस्तें जारी की जा चुकी हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज दोनों को मजबूती मिलती है.

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं खेती, वनोपज, छोटे कारोबार और तकनीकी गतिविधियों के जरिए अपनी आय बढ़ा रही हैं. महिला समूहों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 481 महतारी सदन बनाए जा रहे हैं. इसके अलावा मेरी बेटी, मेरा अभिमान अभियान के तहत 6,671 बालिका शौचालयों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है.
गांवों तक पहुंचे महिला आयोग
सीएम साय ने महिला आयोग की नई अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं देते हुए आयोग की भूमिका को और व्यापक बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि आयोग का काम केवल शिकायतों का समाधान करने तक सीमित नहीं होना चाहिए. ग्रामीण क्षेत्रों, कस्बों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, कानून और उपलब्ध सहायता के बारे में जागरूक करना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि संपत्ति और जमीन महिलाओं के नाम होने से उनका आर्थिक आधार मजबूत होता है और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी बढ़ती है.

2026 को महतारी गौरव वर्ष के रूप में मनाने का फैसला
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को महतारी गौरव वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. इस पहल के जरिए महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वास्तविक महिला सशक्तिकरण के लिए सरकारी योजनाओं के साथ सामाजिक सोच में बदलाव भी जरूरी है. बेटियों की शिक्षा से लेकर महिलाओं के लिए रोजगार और कारोबार के अवसर बढ़ाने तक, हर स्तर पर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है.
यह भी पढ़ें : CG News: जशपुर की खराब सड़कों पर अरुण साव का बड़ा बयान, बारिश बाद तेज होगा निर्माण और पुनर्निर्माण




