CG News: दुर्ग भिलाई से शुरू होगी ई बस सेवा, छत्तीसगढ़ को मिलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
CG News: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है, प्रधानमंत्री ई बस सेवा योजना के तहत प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है, इसकी शुरुआत सबसे पहले दुर्ग भिलाई से होने की संभावना है, इसके बाद बिलासपुर और रायपुर में भी सेवा शुरू करने की योजना है.

दुर्ग भिलाई में तैयारियां तेज
दुर्ग भिलाई में ई बसों के संचालन के लिए एजेंसी तय करने के साथ जरूरी बुनियादी सुविधाओं को तैयार करने का काम आगे बढ़ाया गया है, वहीं रायपुर में डिपो और दूसरी व्यवस्थाओं का काम पूरा होना बाकी है, जिसके कारण वहां सेवा शुरू होने में कुछ और समय लग सकता है.
चार शहरों के लिए 240 बसें मंजूर
प्रधानमंत्री ई बस सेवा योजना के तहत साल 2024 में छत्तीसगढ़ के चार शहरों के लिए कुल 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी गई थी, रायपुर को 100, बिलासपुर को 50, दुर्ग भिलाई को 50 और कोरबा को 40 बसें आवंटित की गई हैं, अब इन बसों के संचालन को जमीन पर उतारने की तैयारी चल रही है.
चार्जिंग डिपो समेत सुविधाओं पर काम
ई बसों के संचालन के लिए चार्जिंग डिपो, बिजली कनेक्शन और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं, अधिकारियों के मुताबिक दुर्ग भिलाई में तैयारियां आगे बढ़ चुकी हैं, जबकि रायपुर में बुनियादी ढांचे का काम पूरा होने के बाद संचालन शुरू किया जा सकेगा.
प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद
इलेक्ट्रिक बसों के शुरू होने से शहरों में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने और डीजल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता घटाने में मदद मिलने की उम्मीद है, इससे प्रदूषण कम करने के साथ यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा भी मिल सकती है, फिलहाल प्रदेश के कई शहरों में लोग निजी वाहनों और सीमित सिटी बस सेवाओं पर निर्भर हैं



