CG News: शिक्षक सम्मान समारोह में CM साय का बड़ा ऐलान, बेमेतरा को 183 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
CG News: बेमेतरा शहर में रविवार को 41वें जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान और प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने जिले के लिए करीब 183 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत वाले 30 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की, वहीं ग्राम पंचायत तिवरिया में बिजली सब-स्टेशन बनाने का भी ऐलान किया.

81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 विद्यार्थी सम्मानित
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया. सभी शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए. इसके अलावा जिले के 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को भी सम्मान मिला. सामाजिक संस्थाओं की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र दिए गए. कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी लेने के साथ शिक्षकों से संवाद भी किया.

6 हजार पंचायतों में डिजिटल सेवा केंद्र का दावा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार प्रदेश में सरकारी सेवाओं को डिजिटल बनाने पर लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि करीब 6 हजार पंचायतों में डिजिटल सेवा केंद्रों की व्यवस्था की जा चुकी है और आने वाले समय में सभी पंचायतों तक यह सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. तहसीलदार, थानेदार, रेंजर और सचिव स्तर की व्यवस्थाओं को भी डिजिटल किए जाने की बात कही गई. CM ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को सेवाएं लेने में आसानी होगी.

शिक्षकों को बताया राष्ट्र निर्माण की नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के बिना समाज और राष्ट्र की प्रगति संभव नहीं है. शिक्षक बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को भी दिशा देते हैं. उन्होंने बेमेतरा में 41 वर्षों से चल रही शिक्षक सम्मान समारोह की परंपरा को गौरव की बात बताया. कार्यक्रम में उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन जैसी हस्तियों के इस आयोजन में शामिल होने का भी उल्लेख किया. डिप्टी CM अरुण साव ने भी शिक्षक को समाज और राष्ट्र का निर्माता बताया, जबकि मंत्री दयाल दास बघेल ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया.
17 सितंबर को घर-घर दीप जलाने की अपील
CM साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे घरों में दीप जलाने की अपील की. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन खाते, शौचालय निर्माण और हर घर नल जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. मुख्यमंत्री ने नालंदा परिसर में विद्यार्थियों को लाइब्रेरी, स्टडी मटेरियल और कोचिंग जैसी सुविधाएं मिलने की बात भी कही. हालांकि बारिश के कारण बेसिक स्कूल मैदान में कुछ हिस्सों में कीचड़ की स्थिति रही और पीछे बैठे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कार्यक्रम में शिक्षक स्मृति पत्रिका का विमोचन भी किया गया.
