CG News: बिलासपुर में सीएम साय का कांग्रेस पर हमला, किसानों और शहरवासियों को दी बड़ी सौगात
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लगातार चुनावों में मिल रही हार के कारण कांग्रेस के नेता हताश और परेशान हैं. अब उनकी बातों में पहले जैसा दम नहीं रह गया है. मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कांग्रेस नेताओं की तुलना फ्यूज बल्ब से कर दी. उनका कहना था कि कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है.

नक्सलवाद के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री साय ने नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने कार्यकाल में माओवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का साहस नहीं दिखाया, उन्हें आज अभियान में सफलता हासिल करने वाले जवानों का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन मिला. सरकार और सुरक्षा बलों ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अभियान चलाया, जिसका परिणाम नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के रूप में सामने आया.
धान किसानों के लिए 21 क्विंटल तक भुगतान का ऐलान
राजनीतिक बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की. उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का वादा किया है. लेकिन खेती की परिस्थितियां हर किसान के लिए अलग होती हैं. कई किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल धान पैदा नहीं कर पाते और उनका उत्पादन 12 से 15 क्विंटल के आसपास रहता है. ऐसे पात्र किसानों को वास्तविक खरीदी के बाद 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक शेष अंतर की राशि भी बैंक खाते में उपलब्ध कराने की बात मुख्यमंत्री ने कही.

15 क्विंटल धान बेचने वाले किसानों को भी राहत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से बातचीत के दौरान इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कोई किसान एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर राशि भी उसे दी जाएगी. इस हिसाब से पात्र किसान को 13 हजार 839 रुपये की अतिरिक्त राशि मिलने की बात कही गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खुद किसान परिवार से आते हैं और खेती-किसानी की चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं.
बिलासपुर को मिली ऑटोमेटेड पार्किंग की सौगात
बिलासपुर शहर को भी मुख्यमंत्री ने एक नई सुविधा की सौगात दी. पुराने बस स्टैंड के व्यस्त व्यावसायिक इलाके में 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से तैयार प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया गया. पांच मंजिला इस पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी. इसकी खासियत यह है कि वाहन चालक को केवल निर्धारित स्थान पर कार छोड़नी होगी, इसके बाद एलिवेटर और शटल रोबोटिक सिस्टम वाहन को खाली जगह पर अपने आप पार्क कर देगा. कार वापस लेने के लिए भी यही तकनीक वाहन को निकास द्वार तक पहुंचाएगी.


One Response