CG News: आजादी के बाद पहली बार डिंडौरी पहुंचे CM साय, 465 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले का दौरा किया. इस दौरान वह केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचे, जहां आजादी के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री का आगमन हुआ. मुख्यमंत्री के पहुंचने पर गांव में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला. अपने प्रवास के दौरान सीएम साय ने क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 465 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए नवीन महाविद्यालय की भी शुरुआत की गई.

कंतेली में शुरू हुआ नया महाविद्यालय
इस कार्यक्रम का एक खास पहलू केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से जुड़ा रहा. उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि बचपन में वह डिंडौरी से पैदल चलकर पढ़ाई के लिए ग्राम कंतेली जाते थे. उसी गांव में अब नवीन महाविद्यालय की शुरुआत होना उनके लिए बेहद भावुक और गर्व का विषय है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने संयुक्त रूप से महाविद्यालय का शुभारंभ किया. इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों, खासकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने की परेशानी कम होगी.

मॉडल स्कूल के रूप में विकसित होगा पुराना विद्यालय
तोखन साहू ने अपने पुराने स्कूल को बेहतर बनाने की योजना की जानकारी भी साझा की. उन्होंने बताया कि विद्यालय को आधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई गई है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है. योजना के तहत स्कूल में डिजिटल क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेलकूद से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी कराया जा चुका है. इस पहल से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की तैयारी है.

पहली बार मुख्यमंत्री का आगमन
कंतेली में कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचे. आजादी के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री के गांव आने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया. ग्रामीणों ने सुआ नृत्य और रामधुन की प्रस्तुतियों से अतिथियों का अभिनंदन किया. वहीं तोखन साहू के परिवार के सदस्यों ने आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया.
तोखन साहू के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री साय
डिंडौरी पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के पिता बलदाऊ साहू से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. इसके बाद उन्होंने परिवार की बड़ी अम्मा रामबाई से भी आत्मीय मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री का पारिवारिक और आत्मीय अंदाज देखने को मिला. मुख्यमंत्री के इस दौरे को मुंगेली जिले में विकास कार्यों के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की सुविधाएं मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

