CG News: भुवनेश्वर पहुंचे CM साय, सपत्नीक भगवान लिंगराज के किए दर्शन-पूजन, प्रदेश की समृद्धि के लिए की प्रार्थना
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को भुवनेश्वर प्रवास पर रहे. इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध भगवान लिंगराज मंदिर पहुंचकर सपत्नीक दर्शन-पूजन किया. मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधि-विधान के साथ भगवान लिंगराज की पूजा-अर्चना की और छत्तीसगढ़ के नागरिकों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की.

प्रदेश की प्रगति और परिवारों की खुशहाली की कामना
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान लिंगराज के दर्शन करने और उनकी पावन भूमि पर आने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने मंदिर परिसर के आध्यात्मिक वातावरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की दिव्यता मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराती है. उन्होंने भगवान लिंगराज से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की.
लिंगराज मंदिर की स्थापत्य कला की सराहना
मुख्यमंत्री ने भगवान लिंगराज मंदिर की भव्य स्थापत्य शैली की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि देश के प्राचीन मंदिर केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि वे भारत की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और शिल्प परंपरा की पहचान भी हैं. उनके अनुसार लिंगराज मंदिर की भव्यता और उत्कृष्ट वास्तुकला देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है.
ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव
CM साय ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों राज्य सिर्फ भौगोलिक रूप से पड़ोसी नहीं हैं, बल्कि उनकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं में भी गहरा जुड़ाव है. दोनों राज्यों की लोक परंपराओं, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत में कई समानताएं देखने को मिलती हैं.
साझा विरासत को मजबूत करती हैं ऐसी यात्राएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस तरह की धार्मिक और सांस्कृतिक यात्राएं दोनों राज्यों के बीच मौजूद आत्मीय संबंधों को और मजबूत करने का माध्यम बनती हैं. भगवान लिंगराज मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की खुशहाली के साथ प्रदेश की निरंतर प्रगति और लोगों के सुख-शांति के लिए प्रार्थना की. वहीं, मंदिर की ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत को भी उन्होंने भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर बताया.


One Response