CG News: छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड देगा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’, 10 श्रेणियों में होगा सम्मान
CG News: छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ आयोजित करने जा रहा है. इस पहल का उद्देश्य राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है. इस बार होटल, टूर ऑपरेटर, जिला पर्यटन, स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म सहित 10 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे. प्रत्येक श्रेणी के विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा.
पर्यटन से जुड़े हर क्षेत्र को मौका
पुरस्कार योजना में पर्यटन को व्यापक रूप से देखते हुए उससे जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों को शामिल किया गया है. बेहतर होटल सेवाओं, प्रभावी टूर संचालन, जिला स्तर पर पर्यटन विकास, नए पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट सेवाओं और पर्यटक सहायता के साथ डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन में बेहतर काम करने वालों को भी सम्मान मिलेगा. इसके जरिए पर्यटन क्षेत्र में सेवाओं की गुणवत्ता, नवाचार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है.

होमस्टे और सोशल मीडिया को भी प्राथमिकता
इस बार पुरस्कारों में होमस्टे और सोशल मीडिया से जुड़े काम को भी खास जगह दी गई है. होमस्टे के चयन में बुकिंग, राजस्व, पर्यटकों की संख्या, सुविधाओं और ग्राहक प्रतिक्रिया जैसे पहलुओं को देखा जाएगा. वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को रील्स, वीडियो और डिजिटल कंटेंट के जरिए देश और विदेश तक पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को मौका मिलेगा.
पर्यावरण और एडवेंचर टूरिज्म पर भी जोर
इको टूरिज्म श्रेणी में पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को महत्व दिया जाएगा. इसमें जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसे मानकों को देखा जाएगा. वहीं एडवेंचर टूरिज्म में सुरक्षित गतिविधियों, नए पर्यटन उत्पादों, पर्यटकों की संख्या और गंतव्य विकास जैसे पहलुओं के आधार पर श्रेष्ठ संचालक का चयन किया जाएगा.
15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के लिए इच्छुक व्यक्ति और पात्र संस्थाएं 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकती हैं. आवेदन ई-मेल के जरिए it@visitcg.in पर भेजे जा सकते हैं, जबकि आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है. प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता और मापदंडों के आधार पर राज्य पर्यटन विभाग या निर्णायक समिति द्वारा किया जाएगा.



