CG News: विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम 2026 के लिए छत्तीसगढ़ का चयन, वैश्विक मंच पर प्रस्तुत होगी राज्य की औद्योगिक क्षमता
CG News: भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 के लिए देश के केवल दो राज्यों, छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के आधिकारिक प्रवास पर रहेगा, इस अंतरराष्ट्रीय फोरम के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी औद्योगिक प्रगति, समृद्ध संसाधनों और निवेश की अपार संभावनाओं को दुनिया भर के बड़े निवेशकों के सामने मजबूती से रखेगा.

सीईओ राउंडटेबल में दिग्गजों से सीधा संवाद
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष सीईओ राउंडटेबल में हिस्सा लेंगे, जहाँ वे सिंगापुर की शीर्ष कंपनियों, वैश्विक कारोबारी समूहों और वित्तीय संस्थानों के प्रमुखों से सीधी चर्चा करेंगे, इस दौरान मुख्यमंत्री राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति, ‘वनक्लिक सिंगल विंडो प्रणाली’ और व्यापार के लिए बनाए गए सुलभ वातावरण की जानकारी देंगे, वे वैश्विक निवेशकों को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के विज़न का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करेंगे.
रोजगारपरक और तकनीक आधारित क्षेत्रों पर मुख्य फोकस
राज्य प्रतिनिधिमंडल की बैठकों का मुख्य ध्यान उन क्षेत्रों पर रहेगा जो अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करते हैं, इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, ऑटोमोबाइल, आईटी एवं आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और फार्मास्युटिकल्स जैसे उच्च-तकनीकी उद्योग शामिल हैं, इन क्षेत्रों में विदेशी निवेश आकर्षित होने से राज्य के युवाओं के लिए आधुनिक और सुरक्षित रोजगार के नए द्वार खुलेंगे.
कौशल विकास और हरित विकास में साझेदारी
आर्थिक और औद्योगिक संबंधों के साथ-साथ यह यात्रा कौशल प्रशिक्षण और पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से भी बेहद अहम है, प्रतिनिधिमंडल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा, इसका उद्देश्य सिंगापुर की विशेषज्ञता का उपयोग छत्तीसगढ़ में युवाओं को तकनीकी रूप से कुशल बनाने, वन्यजीव संरक्षण और सतत हरित विकास को बढ़ावा देने में करना है.
वैश्विक साझेदारी से खुलेंगी विकास की नई राहें
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ का चयन राज्य की बढ़ती साख का प्रतीक है, यह यात्रा राज्य को दुनिया के बड़े औद्योगिक साझेदारों से जोड़ने, विदेशी पूंजी निवेश लाने और आधुनिक नवाचारों को अपनाने का एक बेहतरीन माध्यम बनेगी, उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार और ओएसडी उमेश अग्रवाल भी शामिल रहेंगे.


One Response