CG News: छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, 8 शहरों में लगेंगे CBG प्लांट
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और बेहतर कचरा प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. राज्य के आठ नगर निगम क्षेत्रों में कंप्रेस्ड बायो गैस यानी CBG प्लांट स्थापित किए जाएंगे. इन प्लांटों में जैविक कचरे, कृषि अवशेष और पशु अपशिष्ट का उपयोग कर स्वच्छ ईंधन तैयार किया जाएगा.
आठ शहरों में शुरू होगी परियोजना
सरकार ने रायपुर, भिलाई, बिलासपुर समेत आठ प्रमुख नगर निगम क्षेत्रों में प्लांट स्थापना के लिए भूमि चिन्हित कर ली है. परियोजना शुरू होने के बाद शहरों में कचरे के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही खुले में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
किसानों और पशुपालकों को फायदा
इस योजना से किसानों को फसल कटाई के बाद बचने वाले कृषि अवशेषों का बेहतर उपयोग करने का अवसर मिलेगा. पराली अब आय का नया स्रोत बन सकती है, जिसे प्लांटों तक पहुंचाकर अतिरिक्त कमाई की जा सकेगी. वहीं पशुपालकों को भी जैविक अपशिष्ट के उपयोग से आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है.
तैयार गैस की होगी खरीद
CBG प्लांटों में तैयार होने वाली कंप्रेस्ड बायो गैस की खरीद तेल विपणन कंपनियां करेंगी. इससे परियोजना को स्थायी बाजार मिलने के साथ स्वच्छ ईंधन के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा. सरकार का मानना है कि इससे ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे और वैकल्पिक ईंधन को प्रोत्साहन मिलेगा.
वेस्ट टू वेल्थ को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का उद्देश्य इस योजना के जरिए वेस्ट टू वेल्थ की अवधारणा को मजबूत करना है. कचरे और कृषि अवशेषों का उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, किसानों की आय में वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण जैसे कई लक्ष्य एक साथ पूरे किए जा सकेंगे. यह पहल हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.



