CG News: छत्तीसगढ़ बना निवेश का नया हब, 9,580 करोड़ के प्रस्ताव, 7,800 रोजगार की राह
CG News: हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में राज्य ने निवेश आकर्षण के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। इस आयोजन में देश की प्रमुख सात कंपनियों ने मिलकर लगभग 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए, जिससे राज्य में करीब 7,800 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निवेशकों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ को “रेड कारपेट निवेश गंतव्य” बताया और राज्य में उद्योग स्थापित करने का आमंत्रण दिया।

निवेशकों का बड़ा भरोसा
इस कार्यक्रम में हैदराबाद के प्रमुख उद्योगपतियों और दक्षिण भारत के निवेशकों ने हिस्सा लिया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। निवेशकों ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति और सिंगल विंडो सिस्टम की सराहना की, मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के साथ-साथ जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के जरिए राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
प्रमुख सेक्टर्स में निवेश का विस्तार
छत्तीसगढ़ में आईटी, टेक्सटाइल, डेटा सेंटर, फार्मा, सीमेंट, सौर ऊर्जा, सेमीकंडक्टर और डेयरी जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार ने उद्योग-अनुकूल नीतियों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर को निवेश का प्रमुख आधार बताया है, हाइपरनेक्स्ट डेटा सेंटर लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 4,200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना से डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी और राज्य तकनीकी हब के रूप में उभरेगा।
अन्य प्रमुख निवेश प्रस्ताव
• सीमेंट सेक्टर में 2,912 करोड़ रुपये का प्रस्ताव
• एआई और सेमीकंडक्टर इंफ्रास्ट्रक्चर में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश
• सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण में 700 करोड़ रुपये
• टेक्सटाइल उद्योग में 528 करोड़ रुपये
• फार्मा और डेयरी सेक्टर में क्रमशः 200 और 40 करोड़ रुपये
इन परियोजनाओं से हजारों रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
भविष्य का लॉजिस्टिक और औद्योगिक हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण देश का सबसे उपयुक्त लॉजिस्टिक हब बनने की क्षमता रखता है। राज्य सात राज्यों से जुड़ा हुआ है और 60 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं तक सीधी पहुंच प्रदान करता है।
