CG News: रायपुर में BJP की लोकतंत्र बचाओ रैली, CM साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर साधा निशाना
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़ी रैली और जनसभा का आयोजन किया गया. सुभाष स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री केदार कश्यप सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

CM साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन को घेरा
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया में लोकतंत्र की जननी के रूप में जाना जाता है और भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की वैश्विक स्तर पर सराहना होती है. इसके बावजूद कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों में जुटे हुए हैं.
चुनावी हार के बाद EVM पर उठाते हैं सवाल
मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भी पार्टी को चुनाव में हार मिलती है, तो वह कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग को इसके लिए जिम्मेदार ठहराने लगती है. उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी राजनीति करार दिया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, चुनावी नतीजों को स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस अलग-अलग माध्यमों से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है.

बैलेट पेपर से हुए चुनाव का भी किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विधान परिषद के चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था, जबकि यह चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न कराया गया था. इसके बावजूद कांग्रेस की ओर से चुनावी नतीजों पर सवाल उठाए जाते हैं. उन्होंने विपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि पार्टी को चुनावी हार के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए और अपनी कमजोरियों को समझना चाहिए.
पदयात्रा के जरिए जनता तक पहुंचेगी भाजपा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए आम जनता को लोकतंत्र के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पदयात्रा के माध्यम से गांवों और शहरों में लोगों तक पहुंचने तथा अभियान के उद्देश्यों को समझाने की अपील की, रायपुर में आयोजित इस जनसभा के जरिए भाजपा ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खिलाफ अपना राजनीतिक संदेश जनता तक पहुंचाने की कोशिश की. मुख्यमंत्री साय ने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया. अब इस अभियान के तहत होने वाली पदयात्राओं के जरिए भाजपा प्रदेशभर में अपनी बात जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है.

One Response