CG News: संत रविदास जयंती पर BJP का कलश वंदन अभियान, रायपुर में होगा बड़ा आयोजन
CG News: संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 4 अगस्त को रायपुर में प्रदेशस्तरीय कलश वंदन अभियान आयोजित किया जाएगा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विशेष मौजूदगी में विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे कार्यक्रम शुरू होगा.

CM साय सहित संत समाज होंगे शामिल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रदेश के साधु संत, विभिन्न समाजों के प्रमुख और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे, आयोजन का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, सामाजिक सद्भाव और समानता के संदेश को प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचाना है.
36 रथों से गांव गांव पहुंचेगा अभियान
भाजपा प्रदेश महामंत्री और कार्यक्रम संयोजक अखिलेश सोनी ने बताया कि अभियान के लिए 36 विशेष रथ तैयार किए गए हैं, प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम के बाद ये रथ सभी संगठनात्मक जिलों में पहुंचेंगे, जहां कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा.
वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और जल
अभियान के तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और जलयुक्त कलशों का प्रदेशभर में स्वागत किया जाएगा, भाजपा का कहना है कि इसका उद्देश्य संत रविदास के समरस समाज के विचारों को जन जन तक पहुंचाना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है.
मंडल और गांव स्तर पर होंगे कार्यक्रम
जिलास्तरीय आयोजनों के बाद कलशों को भाजपा की मंडल इकाइयों को सौंपा जाएगा, इसके बाद प्रमुख गांवों में विधि विधान से पूजा अर्चना कर इन कलशों को मंदिरों में स्थापित किया जाएगा, अभियान के माध्यम से संत रविदास के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की तैयारी है.



