CG News: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 पर रायपुर में बड़ी कार्यशाला, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन पर जोर
CG News: छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा रायपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस में संपन्न हुआ.
वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन पर दिया गया जोर
कार्यशाला में स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण, संग्रहण, प्रसंस्करण और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण पर विस्तृत चर्चा की गई. विशेषज्ञों ने कहा कि वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन स्वच्छ और स्वस्थ शहरों के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना जरूरी है. उन्होंने नागरिकों, स्थानीय निकायों और संस्थानों से कचरे के पृथक्करण और पुनर्चक्रण में सक्रिय भागीदारी की अपील की.
सर्कुलर इकोनॉमी पर फोकस
क्षेत्रीय अधिकारी पी के रबड़े ने कहा कि नए नियम केवल कानूनी प्रावधान नहीं हैं, बल्कि सर्कुलर इकोनॉमी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं. उन्होंने बल्क वेस्ट जेनरेटरों की जिम्मेदारी पर भी विस्तार से जानकारी दी, कार्यशाला में बताया गया कि बलौदाबाजार भाटापारा में सीमेंट संयंत्रों में आरडीएफ का उपयोग कर कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण का सफल उदाहरण प्रस्तुत किया गया है. साथ ही स्वच्छता दीदियों के माध्यम से डोर टू डोर कचरा संग्रहण मॉडल की भी सराहना की गई.
250 से अधिक प्रतिभागियों की सहभागिता
कार्यशाला में शहरी और ग्रामीण निकायों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत, ईको क्लब समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारी और पर्यावरण विभाग के अधिकारी सहित 250 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ को जीरो वेस्ट स्टेट बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना बताया गया.

