CG News: छत्तीसगढ़ के 65 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा अपडेट, अब ई-केवाईसी जरूरी
CG News: छत्तीसगढ़ के करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी को लेकर नई व्यवस्था शुरू होने जा रही है. छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है और राजधानी के डीडीनगर जोन में इसका परीक्षण भी किया जा रहा है. 1 सितंबर से उपभोक्ता मोर बिजली एप के जरिए खुद ई-केवाईसी कर सकेंगे. इसके अलावा बिजली दफ्तरों में अलग काउंटर बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को किसी बाहरी केंद्र पर जाकर परेशान न होना पड़े.

मोर बिजली एप से घर बैठे होगी ई-केवाईसी
उपभोक्ता अपने मोबाइल में मोर बिजली एप के जरिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. इसके लिए आधार नंबर और बिजली कनेक्शन का बीपी नंबर जरूरी होगा. आधार नंबर दर्ज करने के बाद सिस्टम आधार कार्ड और बिजली कनेक्शन में दर्ज नाम का मिलान करेगा. नाम सही पाए जाने पर मोबाइल पर ओटीपी आएगी. ओटीपी दर्ज करने के बाद उपभोक्ता को अपनी तस्वीर लेकर अपलोड करनी होगी, जिसके बाद ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
मीटर रीडर घर-घर जाकर करेंगे मदद
पॉवर कंपनी ने इस काम में प्रदेश के पांच हजार से ज्यादा मीटर रीडरों को भी शामिल करने का फैसला किया है. मीटर रीडर महीने के शुरुआती 15 दिन मीटर रीडिंग का काम करेंगे. इसके बाद अगले 15 दिनों तक वे उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर ई-केवाईसी कराने में मदद करेंगे. इससे उन लोगों को सुविधा मिलेगी, जिन्हें मोबाइल एप के जरिए प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो सकती है.
बिजली दफ्तरों में भी बनाए जाएंगे काउंटर
पॉवर कंपनी के सभी डीसी सेंटर में ई-केवाईसी के लिए अलग काउंटर तैयार किए जा रहे हैं. यहां उपभोक्ताओं के लिए चेहरे की पहचान के साथ अंगूठे के निशान से भी ई-केवाईसी कराने की सुविधा रहेगी. काउंटर पर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को अपना आधार कार्ड और बिजली बिल साथ ले जाना होगा. बिजली बिल से बीपी नंबर की जानकारी लेकर प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
गलत नाम होने पर पहले होगा सुधार
अगर आधार कार्ड और बिजली कनेक्शन में दर्ज नाम अलग-अलग है तो पहले बिजली कनेक्शन में नाम को सही कराया जाएगा. इसके बाद ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी होगी. वहीं, अगर बिजली कनेक्शन परिवार के किसी ऐसे सदस्य के नाम है जिनका निधन हो चुका है, तो मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर कनेक्शन में नाम परिवर्तन कराया जा सकेगा. इसके बाद नए उपभोक्ता की ई-केवाईसी पूरी की जाएगी. पॉवर कंपनी का उद्देश्य है कि पूरी प्रक्रिया आसान हो और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े.
यह भी पढ़ें : CG News: CBSE 12वीं Supplementary Result के बाद बड़ा अपडेट, स्कैन कॉपी और Revaluation का मौका




