CG News: ग्रामीण गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 25 दिन में बुक होगा घरेलू सिलेंडर
CG News: रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. अब ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता भी शहरी क्षेत्र की तरह सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद अगली बुकिंग करा सकेंगे. पहले ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि 45 दिन निर्धारित थी. नियम में बदलाव से ज्यादा गैस खपत वाले परिवारों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.

45 दिन की अवधि घटकर हुई 25 दिन
अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर की दो बुकिंग के बीच 45 दिनों का अंतर जरूरी था. गैस आपूर्ति को लेकर बनी परिस्थितियों के चलते तेल कंपनियों ने पहले यह व्यवस्था लागू की थी. हालांकि इस नियम से बड़े परिवारों और शादी या अन्य आयोजनों वाले घरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. अब सरकार के निर्देश के बाद बुकिंग की अवधि घटाकर 25 दिन कर दी गई है.
रायपुर में हजारों सिलेंडरों की बुकिंग
खाद्य विभाग के मुताबिक रायपुर शहर में हर दिन औसतन 5 से 6 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग होती है. वहीं अलग-अलग गैस एजेंसियों के माध्यम से रोजाना करीब 4 हजार सिलेंडर उपभोक्ताओं के घरों तक पहुंचाए जाते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिदिन करीब 2 से 3 हजार सिलेंडरों की बुकिंग होती है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद ग्रामीण इलाकों से बुकिंग की संख्या बढ़ने की संभावना है.
नए गैस कनेक्शन पर अभी भी रोक
बुकिंग की अवधि कम होने के बावजूद नए घरेलू गैस कनेक्शन को लेकर उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत नहीं मिली है. नए कनेक्शन जारी करने पर अभी रोक बनी हुई है. इसके कारण रायपुर जिले में बड़ी संख्या में लोग नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं. इनमें दूसरे स्थानों से आकर किराए के मकानों में रहने वाले लोग भी शामिल हैं. नए कनेक्शन नहीं मिलने के कारण कुछ लोगों को महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है.
सरकार के निर्देश के बाद लागू हुआ बदलाव
रायपुर के खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के अनुसार, ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन में गैस सिलेंडर बुक करने का आदेश प्राप्त हो गया है और यह व्यवस्था लागू कर दी गई है. हालांकि नए गैस कनेक्शन शुरू करने को लेकर अभी कोई नया निर्देश नहीं मिला है. ऐसे में ग्रामीण उपभोक्ता अब 25 दिन की अवधि पूरी होने के बाद घरेलू सिलेंडर की अगली बुकिंग करा सकेंगे.

One Response