CG News: राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को मंजूरी, आएगा 3 हजार करोड़ का निवेश
CGNews: छत्तीसगढ़ को औद्योगिक विकास के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है. भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने राजनांदगांव जिले के ग्राम पटेवा में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर यानी EMC 2.0 की स्थापना को मंजूरी दे दी है. इस परियोजना से राज्य में करीब 9 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने और 3 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश आने की संभावना है.
केंद्र सरकार देगी 210 करोड़ रुपये की मदद
EMC 2.0 परियोजना की कुल लागत 432.08 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें केंद्र सरकार ने 210.56 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मंजूर की है. परियोजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम यानी CSIDC द्वारा किया जाएगा. नवा रायपुर के बाद यह राज्य का दूसरा बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर होगा.
306 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक औद्योगिक परिसर
राजनांदगांव का यह क्लस्टर 306.56 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा, जिसमें 150.56 एकड़ में औद्योगिक भूखंड तैयार किए जाएंगे. यहां रेडी-बिल्ट फैक्ट्री, निर्बाध बिजली और पानी की सुविधा, वेयरहाउस समेत आधुनिक औद्योगिक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा. परियोजना के लिए जरूरी वैधानिक स्वीकृतियां भी प्राप्त हो चुकी हैं.
सेमीकंडक्टर और EV कंपनियों ने दिखाई रुचि
सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन और स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की चार एंकर कंपनियों ने क्लस्टर में निवेश की रुचि दिखाई है. इन कंपनियों की ओर से करीब 365 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश के प्रस्ताव मिले हैं. इससे क्लस्टर के विकसित होने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े उद्योगों और सप्लाई चेन को गति मिलने की उम्मीद है.
स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते
राज्य सरकार के मुताबिक EMC 2.0 से करीब 9 हजार गुणवत्तापूर्ण और दीर्घकालिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे. स्थानीय युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण देने की तैयारी भी की जाएगी. सरकार का मानना है कि यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को बढ़ावा देने के साथ छत्तीसगढ़ को देश के उभरते इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में नई पहचान दिला सकती है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में 1235 सरकारी नौकरियां, पावर कंपनियों में बंपर भर्ती



