CG News: छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण में लापरवाही पर कार्रवाई, दो ठेकेदारों को नोटिस, 6 उप अभियंताओं से मांगा जवाब
CG News: छत्तीसगढ़ में शेरपार-मानपुर-कोहका सड़क के अधूरे और गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. सड़क की सतह उखड़ने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी और रखरखाव में लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने दो ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों के निरीक्षण और कार्यों की जांच के दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव, सड़क सुरक्षा और निर्धारित मानकों के पालन में कमियां पाई गईं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है.

ठेकेदारों को 15 दिनों में देना होगा जवाब
विभाग ने दोनों ठेकेदारों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. उल्लेखनीय है कि शेरपार-मानपुर-कोहका सड़क फिलहाल परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है. ऐसे में निर्माण के बाद सड़क की सतह को नुकसान पहुंचने और रखरखाव में लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है. विभाग की ओर से सड़क की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए गए कार्यों को लेकर ठेकेदारों से जवाब मांगा गया है.

राष्ट्रीय राजमार्ग उप संभाग बालोद के 6 उप अभियंताओं को भी नोटिस
सड़क निर्माण और रखरखाव में सामने आई कमियों के मामले में विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग उप संभाग बालोद के सभी छह उप अभियंताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की है. संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनकी भूमिका के संबंध में जवाब मांगा गया है. सभी छह उप अभियंताओं को तीन दिनों के भीतर अपना प्रतिवाद प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं.

जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों के जवाबों की समीक्षा की जाएगी. यदि उप अभियंताओं का प्रतिवाद संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. सड़क निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा मानकों में मिली कमियों के बाद की गई इस कार्रवाई से संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.


One Response