CG News: छत्तीसगढ़ के हर जिले में विकसित होगा एक मॉडल गांव, मुख्यमंत्री ने दिए बड़े निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के हर जिले में अब एक आदर्श गांव विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को ऐसे गांवों की पहचान कर उन्हें विकास की नई मिसाल बनाने के निर्देश दिए हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि इन गांवों का विकास जनभागीदारी, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से किया जाएगा. लक्ष्य है कि गांव आत्मनिर्भर बनें और ग्रामीण विकास की नई पहचान स्थापित करें.
ग्राम पंचायतों की बढ़ेगी भूमिका
नवा रायपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतें केवल योजनाओं को लागू करने वाली इकाई नहीं हैं. वे सामाजिक परिवर्तन, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित गांवों में जल संरक्षण, कृषि, रोजगार, ग्रामीण अधोसंरचना और सामुदायिक परिसंपत्तियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए. विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी.
हिवरे बाजार मॉडल से मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के प्रसिद्ध हिवरे बाजार मॉडल का उदाहरण देते हुए कहा कि जनसहयोग और बेहतर संसाधन प्रबंधन से गांवों की तस्वीर बदली जा सकती है. इसी सोच के साथ छत्तीसगढ़ में भी मॉडल गांव विकसित करने की योजना बनाई गई है, मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. अब सरकार उन्हें उद्यमिता, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़कर करोड़पति दीदी बनाने की दिशा में काम करेगी.
आवास और सौर ऊर्जा पर भी फोकस
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का गांव-गांव प्रचार करने के निर्देश भी दिए गए, मुख्यमंत्री ने कहा कि जब गांव मजबूत और आत्मनिर्भर होंगे, तभी विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा. सरकार का उद्देश्य हर गांव तक विकास पहुंचाना और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाकर प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देना.




