CG News: महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त से बालोद की महिलाओं के चेहरे खिले, आर्थिक मजबूती का बना आधार
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार की महात्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 29वीं किस्त की राशि जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे राशि ट्रांसफर की। राशि मिलने के बाद बालोद जिले की लाभार्थी महिलाओं में खुशी का माहौल है।
महिलाओं को मिल रहा आर्थिक सहारा
बालोद जिले की महिलाओं का कहना है कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने में काफी मददगार साबित हो रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, घरेलू खर्च और छोटे स्वरोजगार से जुड़े कामों में कर रही हैं।
दवाइयों और बच्चों की पढ़ाई में मिल रही मदद
ग्राम बघमरा की महिला हितग्राही देवकी विश्वकर्मा ने बताया कि योजना की 29वीं किस्त की राशि मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है। वह इस पैसे का उपयोग घर के जरूरी खर्च, बच्चों की शिक्षा, दवाइयों और सिलाई-कढ़ाई जैसे कामों में करती हैं, वहीं ग्राम जगन्नाथपुर की जामवंती विश्वकर्मा ने कहा कि हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा बन गई है। ग्राम ओरमा की राधिका सोनवानी ने बताया कि योजना की राशि से बच्चों की स्कूल फीस जमा करने में मदद मिल रही है।
महिलाओं में बढ़ा आत्मविश्वास
लाभार्थी महिलाओं ने कहा कि महतारी वंदन योजना सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। नियमित रूप से मिलने वाली राशि से महिलाएं परिवार की जरूरतों में अपनी भागीदारी निभा पा रही हैं और आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
सम्मानजनक जीवन का मजबूत आधार बनी योजना
महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि योजना विपरीत परिस्थितियों में परिवार को संभालने में मदद कर रही है। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में यह राशि महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।




