CG News: रायपुर में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर 15 मिनट में पहुंची एम्बुलेंस, सफल हुआ किडनी ट्रांसप्लांट
CG News: राजधानी रायपुर में प्रशासन और पुलिस की तत्परता का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला, जब किडनी ट्रांसप्लांट के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया। एम्स अस्पताल के डॉक्टर की सूचना पर पुलिस कमिश्नर ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद यातायात पुलिस ने पूरे रूट को खाली कर एम्बुलेंस के लिए निर्बाध रास्ता बनाया।

15 मिनट में तय हुआ पूरा रास्ता
एम्बुलेंस दोपहर 2:02 बजे एम्स अस्पताल से रवाना हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मात्र 15 मिनट में 2:17 बजे श्रीबालाजी हॉस्पिटल पहुंच गई। इस दौरान जीई रोड, आमापारा, तेलघानी नाका, स्टेशन चौक सहित कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक को पूरी तरह नियंत्रित किया गया।

ग्रीन कॉरिडोर से मिली नई जिंदगी
तेजी और सटीक समन्वय के चलते मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। बताया जा रहा है कि पेंड्रा निवासी 39 वर्षीय मरीज को नई जिंदगी मिली।
डोनर ने निभाई मानवता की मिसाल
इस जीवनरक्षक ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 39 वर्षीय सुनील कुमार ने किडनी दान कर मानवता की मिसाल पेश की। उनके इस योगदान की हर तरफ सराहना हो रही है।
पुलिस और ट्रैफिक टीम की हो रही प्रशंसा
रायपुर पुलिस और यातायात विभाग की इस सराहनीय पहल की हर ओर प्रशंसा हो रही है। उनके उत्कृष्ट समन्वय और त्वरित कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि सही समय पर लिया गया निर्णय किसी की जिंदगी बचा सकता है।

