CG News: बिलासपुर T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, CM साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
CG News: बिलासपुर के राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में आयोजित टी-20 ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

CM साय पहुंचे समापन समारोह में
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर के राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल की स्मृति में टी-20 ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर उनका हौसला बढ़ाया और जिले के खेल प्रेमियों को बधाई दी। इस प्रतियोगिता में देश के 8 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल मुकाबले में रोमांच
टूर्नामेंट के फाइनल में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ और खड़गपुर के बीच मुकाबला खेला गया। इस दौरान मैदान में दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, खेलों इंडिया योजना के तहत खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
लखीराम अग्रवाल को किया याद
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि, लखीराम अग्रवाल का जीवन संघर्ष और सेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने समाज के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया और कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक का जिक्र
उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों में लाखों खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभा को नई दिशा मिल रही है, मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
बड़ा क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर
उन्होंने बताया कि राज्य में देश के दूसरे और दुनिया के चौथे सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया गया है, जिसका नाम शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर रखा गया है। साथ ही इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर भी काम जारी है, कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
