CG News: 1 अप्रैल 2026 से बदलेंगे कई नियम, LPG, राशन, शराब और UPI ट्रांजेक्शन पर पड़ेगा सीधा असर
CG News: 1 अप्रैल 2026 से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ देशभर में कई बड़े नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब, रोजमर्रा की जरूरतों और डिजिटल लेनदेन पर पड़ेगा।
1 अप्रैल से लागू होंगे नए नियम
हर महीने की पहली तारीख को कुछ न कुछ बदलाव होते हैं, लेकिन 1 अप्रैल से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ कई बड़े नियम लागू होने जा रहे हैं। इनका असर छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में देखने को मिलेगा, छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल से नई सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पॉलिसी लागू होगी। इसका उद्देश्य स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

100 से ज्यादा मेहमानों पर देनी होगी सूचना
नए नियम के तहत यदि किसी शादी, पार्टी या आयोजन में 100 से अधिक लोग शामिल होते हैं, तो आयोजकों को तीन दिन पहले नगर निगम को सूचना देना अनिवार्य होगा, इस पॉलिसी का सबसे कड़ा प्रावधान ‘ऑन द स्पॉट फाइन’ है। यदि कोई व्यक्ति कचरा गलत तरीके से फेंकता है या नियमों का पालन नहीं करता, तो 500 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
LPG सिलेंडर के दाम में बदलाव संभव
हर महीने की तरह 1 अप्रैल को भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए घरेलू और कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
अप्रैल में मिलेगा तीन महीने का राशन
जानकारी के मुताबिक, अप्रैल में ही तीन महीने, अप्रैल, मई और जून का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा, तकनीकी समस्याओं और स्टॉक की कमी के चलते पिछले महीनों में वितरण प्रभावित हुआ था, जिसे सुधारने के लिए यह कदम उठाया गया है।
शराब के दाम बढ़ने की संभावना
1 अप्रैल से छत्तीसगढ़ में शराब महंगी हो सकती है। नई आबकारी नीति के तहत कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना है, राज्य सरकार का कहना है कि लागत और अन्य कारकों को देखते हुए दरों में बदलाव किया जा सकता है।
UPI ट्रांजेक्शन होंगे और सुरक्षित
डिजिटल पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने नया नियम लागू करने का फैसला लिया है, अब UPI ट्रांजेक्शन में दो-स्तरीय सुरक्षा (Two-Factor Authentication) लागू होगी, जिससे फ्रॉड के मामलों में कमी आने की उम्मीद है।

