Jashpur News: जशपुर की बालिका क्रिकेट टीम से मिले CM साय, खिलाड़ियों को किया सम्मानित
Jashpur News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर स्थित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम में ग्राम इचकेला की छत्तीसगढ़ बालिका क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को क्रिकेट किट प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रतिभाशाली बालिकाओं ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के जरिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इचकेला की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
इचकेला के शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की बालिकाएं लगातार क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। वर्तमान में 17 खिलाड़ी अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि करीब 40 बालिकाएं नियमित अभ्यास में जुटी हैं।
राज्य और इंटर-स्टेट स्तर पर सफलता
वर्ष 2025 में सरगुजा संभाग ने 25 साल बाद अंडर-17 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता, जिसमें 11 में से 9 खिलाड़ी इचकेला एमसीसी की थीं। वहीं अंडर-19 में भी टीम ने रजत पदक हासिल किया। रायगढ़ में आयोजित इंटर-स्टेट टूर्नामेंट 2025 में भी टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची प्रतिभाएं
अब तक इस समूह की 11 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले और राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों संतोष शंकर सोनी और पंडरी बाई के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना प्रेरणादायक है।
सरकार का खेलों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों से उभर रही प्रतिभाओं को हर संभव सुविधा और प्रोत्साहन दिया जाएगा, जशपुर की इन बेटियों की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन और मेहनत से वे राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रही हैं।

