CG News: छत्तीसगढ़ में भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक संबल, 4.95 लाख हितग्राहियों के खातों में 495 करोड़ रुपए ट्रांसफर
CG News: छत्तीसगढ़ में भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए नवरात्रि से पहले बड़ी सौगात आई है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रदेश के लाखों हितग्राहियों के खातों में सीधे राशि ट्रांसफर की.
![]()
495 करोड़ रुपए का सीधा अंतरण
बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 4.95 लाख भूमिहीन कृषि मजदूरों को 495 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई, सरकार ने इसे श्रमिकों को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम बताया है.
सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि श्रम के सम्मान और सामाजिक सशक्तिकरण का प्रतीक है, उन्होंने बताया कि, योजना के तहत हर साल भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है.

केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का जिक्र करते हुए कहा गया कि, सरकार अपने वादों को तेजी और पारदर्शिता से पूरा कर रही है, धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और अन्य योजनाओं से लोगों को लगातार लाभ मिल रहा है.
आवास योजना से भी मिल रहा लाभ
इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया और मकानों की चाबियां सौंपी गईं, बताया गया कि, पिछले दो वर्षों में 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं.
खेती और सिंचाई पर फोकस
सरकार द्वारा किसानों के लिए 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, साथ ही सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है, तेंदूपत्ता संग्रहण दर में वृद्धि, चरण पादुका योजना, रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन जैसी योजनाओं के जरिए सामाजिक और आध्यात्मिक विकास को भी बढ़ावा दिया जा रहा है.
राजस्व मंत्री का बयान
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि, सरकार पारदर्शिता के साथ योजनाओं को लागू कर रही है और अब राशि सीधे खातों में पहुंचने से विश्वास बढ़ा है, छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए आर्थिक मजबूती के साथ-साथ आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रही है.
