CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 4.95 लाख हितग्राहियों को 495 करोड़ की राशि ट्रांसफर की
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत बलौदाबाजार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रिमोट का बटन दबाकर 4 लाख 95 हजार 965 हितग्राहियों के बैंक खातों में 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की, इस पहल से लाखों भूमिहीन परिवारों को बड़ी राहत मिली है.

जीपीएम जिले को मिला विशेष लाभ
इस दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के 4262 हितग्राहियों के खातों में 10 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से 4 करोड़ 26 लाख 20 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई, इनमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लाभार्थी शामिल हैं, कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 11 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए.
जिला स्तर पर भी हुआ कार्यक्रम आयोजन
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही शामिल हुए, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण का भी अवलोकन किया गया, जिससे लोगों को योजना की जानकारी और लाभ सीधे समझ में आया.
हर साल मिलते हैं 10 हजार रुपये
दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होती है.
कई वर्गों को मिल रहा योजना का लाभ
यह योजना केवल खेतिहर मजदूरों तक सीमित नहीं है, बल्कि वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी जैसे पारंपरिक पेशों से जुड़े भूमिहीन परिवारों को भी शामिल करती है, इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों के बैगा, गुनिया और मांझी समुदायों को भी इसका लाभ मिल रहा है.



