CG News: उन्नत खेती से शीला राजवाड़े बनीं लखपति दीदी, बिहान योजना से बदली तकदीर
CG News:छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से सरगुजा की महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं। इस योजना ने ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर दिया है। आमदरहा की शीला राजवाड़े की सफलता इसकी प्रेरणादायक मिसाल है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी पहल
महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। इसी उद्देश्य से ‘बिहान’ योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। यह योजना महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के माध्यम से आत्मविश्वास प्रदान करती है। सरगुजा जिले में हजारों महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। इससे न केवल उनका जीवन स्तर सुधरा है, बल्कि समाज में उनकी पहचान भी मजबूत हुई है।
संघर्ष से सफलता तक शीला की कहानी
अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम आमदरहा की श्रीमती शीला राजवाड़े की कहानी अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा है। समूह से जुड़ने से पहले उनका जीवन काफी कठिन था और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। पति के पास स्थायी रोजगार नहीं था, जिससे घर की जरूरतें पूरी करना मुश्किल था। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन ‘बिहान’ योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।

60 हजार के ऋण से शुरू की उन्नत खेती
वर्ष 2023 में शीला को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से 60 हजार रुपये का ऋण मिला। उन्होंने इस राशि का उपयोग उन्नत सब्जी उत्पादन में किया। आज वे लौकी, करेला और बैंगन जैसी सब्जियों की बड़े पैमाने पर खेती कर रही हैं। इस खेती से उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है और वे अपने परिवार का खर्च खुद उठा रही हैं। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बना दिया है।
नेतृत्व और समाज में नई पहचान
शीला की कार्यकुशलता और समर्पण के कारण उन्हें समूह में वी.ओ.ए. की जिम्मेदारी भी मिली है। वे अब गांव की अन्य महिलाओं को भी समूह से जुड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनका मानना है कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो उसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। वे महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर कदम में प्रेरित कर रहे हैं।
सरकारी योजनाओं के प्रति आभार
शीला ने अपनी सफलता का श्रेय सीएम विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की योजनाओं को दिया है। उन्होंने बताया की बिहान योजना ने महिलाओं को घर की सीमाओं से बाहर निकलकर सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने अन्य महिलाओं से अपील की कि वे भी स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन को बेहतर बनाएं। यह योजना न केवल आर्थिक सुधार ला रही है, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को भी बढ़ा रही है।



