CG News: आर्थिक संबल से आत्मनिर्भरता तक: महतारी वंदन योजना बदल रही छत्तीसगढ़ की महिलाओं की जिंदगी
CG News: किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तब मानी जाती है जब उसकी महिलाएं सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने लगें। छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना इसी दिशा में एक ऐतिहासिक और संवेदनशील पहल बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में यह योजना लाखों महिलाओं के जीवन में आत्मविश्वास, आर्थिक संबल और नई उम्मीदों का संचार कर रही है।
केवल सहायता नहीं, आत्मसम्मान की मजबूत नींव
महतारी वंदन योजना हर माह मिलने वाली 1000 रुपये की आर्थिक सहायता भर नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सपनों को पंख देने का माध्यम बन चुकी है। यह योजना उन्हें परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहभागी बनाते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रही है। गांव-गांव से सामने आ रही प्रेरक कहानियां इस बात की साक्षी हैं कि छोटे-छोटे आर्थिक सहयोग भी बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकते हैं।

संघर्ष से आत्मनिर्भरता तक की प्रेरक कहानियां
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित वृहद कार्यक्रम में कई महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री साय से वर्चुअल संवाद कर अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव साझा किए। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम खोडरी की श्रीमती अनीता साहू ने बताया कि योजना से मिली राशि से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी और “अनीता सिलाई सेंटर” शुरू किया। आज वे सिलाई, खेती और मजदूरी के माध्यम से अपने परिवार को बेहतर जीवन दे रही हैं।

आत्मसम्मान के साथ परिवार का पालन-पोषण
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की श्रीमती मिथलेश चतुर्वेदी ने बताया कि पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभालना कठिन था, लेकिन योजना की राशि से उन्होंने ई-रिक्शा खरीदकर आजीविका का नया साधन शुरू किया। आज वे आत्मसम्मान के साथ परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं।कोरिया जिले के ग्राम डुमरिया की श्रीमती बाबी राजवाड़े के लिए यह राशि खेती-किसानी में सहारा बनी है। वहीं ग्राम आमापारा की श्रीमती सुंदरी पैकरा इस सहायता से अपने बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित कर रही हैं।

अन्य महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा
भरतपुर विकासखंड के ग्राम चांटी की श्रीमती सविता सिंह ने योजना की राशि बचाकर सिलाई मशीन खरीदी और स्वरोजगार शुरू किया। आज वे नियमित आय अर्जित कर रही हैं और इनकी सफलता गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरक उदाहरण बन गई है।

69 लाख महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग
महतारी वंदन योजना का प्रभाव पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है। लगभग 69 लाख विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। अब तक 25 किस्तों में 16 हजार 237 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। यह नियमित सहयोग महिलाओं के जीवन में स्थिरता और आत्मविश्वास ला रहा है।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता नहीं देती, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देती है। महिलाएं छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं, खेती को सशक्त बना रही हैं, बच्चों की शिक्षा में निवेश कर रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री का संकल्प: सशक्त महिला, समृद्ध छत्तीसगढ़
महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीने की नई ताकत दी है। आज महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण का मजबूत स्तंभ बन चुकी है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई पहचान दे रही है।
निश्चित रूप से महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए आत्मसम्मान, सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य की नई सुबह साबित हो रही है और प्रदेश के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला बनती जा रही है।



