CG News: ग्रेन एटीएम योजना: रायपुर से शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट, डिजिटल PDS की ओर बड़ा कदम
CG News: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए अब ‘ग्रेन एटीएम’ की शुरुआत की जा रही है, इस नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता बैंक एटीएम की तरह मशीन से सीधे राशन प्राप्त कर सकेंगे, पायलट प्रोजेक्ट के तहत रायपुर के शास्त्री मार्केट क्षेत्र में प्रदेश का पहला ग्रेन एटीएम लगाया जाएगा, इस पहल से उपभोक्ताओं को लंबी कतारों और इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है.
कैसे काम करेगा ग्रेन एटीएम
ग्रेन एटीएम पूरी तरह स्वचालित मशीन होगी, जहां लाभार्थी
• राशन कार्ड नंबर दर्ज करेंगे या
• आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन कराएंगे
सत्यापन के बाद मशीन से निर्धारित मात्रा में चावल या गेहूं करीब 30 सेकंड में मिल जाएगा.
पारदर्शिता और सटीक वितरण
इस तकनीक से तौल में गड़बड़ी, हेराफेरी और भ्रष्टाचार की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी, पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा, ग्रेन एटीएम मशीन 24 घंटे चालू रह सकती है, जिससे मजदूर और कामकाजी लोग अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय राशन ले सकेंगे.
अन्य राज्यों में सफल प्रयोग
बिहार, ओडिशा, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में यह मॉडल पहले ही सफल हो चुका है, वहां उपभोक्ताओं को तेज, आसान और पारदर्शी सेवा मिल रही है, रायपुर में सफलता के बाद इस योजना को चरणबद्ध तरीके से अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा, खासकर शहरी क्षेत्रों में इसे तेजी से बढ़ाया जाएगा.
भविष्य की स्मार्ट राशन व्यवस्था
ग्रेन एटीएम योजना केवल एक तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि यह आम लोगों के लिए सुविधा, पारदर्शिता और भरोसे का नया विकल्प बन सकती है, अगर यह सफल रही, तो छत्तीसगढ़ की खाद्य वितरण प्रणाली में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा.



