CG News: प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मिली बड़ी सफलता
CG News: प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने बड़े राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है। नामांकन, स्वीकृति और शिकायत निवारण में राज्य का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
राष्ट्रीय रैंकिंग में पहला स्थान
महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की फरवरी 2026 की राज्यवार राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने बड़े राज्यों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने अन्य बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए यह गौरव हासिल किया है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के प्रमुख आंकड़े
जारी रैंकिंग के अनुसार छत्तीसगढ़ ने 93.37 प्रतिशत नामांकन, 83.87 प्रतिशत स्वीकृति दर और 93.95 प्रतिशत शिकायतों के त्वरित समाधान के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। 30 दिनों से अधिक लंबित प्रकरणों की दर केवल 7.07 प्रतिशत और लंबित शिकायत दर 4.96 प्रतिशत दर्ज की गई है। यह योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि राज्य ने पिछले माह की तुलना में छह स्थानों की छलांग लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रथम स्थान सरकार के निरंतर प्रयासों और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मंत्री ने जताया गौरव
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने इस उपलब्धि को राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के कारण ही छत्तीसगढ़ आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। विभागीय समन्वय, प्रतिबद्धता और समयबद्ध कार्यशैली के कारण यह सफलता संभव हो पाई है।
लाखों महिलाओं को मिला लाभ
वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक प्रदेश में 1,86,586 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। राज्य सरकार द्वारा 72 करोड़ 24 लाख 89 हजार रुपये की राशि सीधे पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की गई है।
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिल रही है और छत्तीसगढ़ देश के सामने एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रहा है।




