CG News: नवा रायपुर में 13–14 मार्च को ‘आदि परब 2026’, जनजातीय संस्कृति का भव्य उत्सव
CG News: नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 13 और 14 मार्च को ‘आदि परब – परम्परा से पहचान तक’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन आदिम जाति विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और परम्पराओं को मंच प्रदान करना है।
जनजातीय कला और संस्कृति को मिलेगा मंच
आदिम जाति विभाग के अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार जनजातीय समाज की रचनात्मकता, जीवन-दर्शन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए आदि परब 2026 का आयोजन कर रही है। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय कला, संस्कृति और परम्पराओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
‘आदि रंग’ में दिखेंगी जनजातीय चित्रकलाएं
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘आदि रंग’ के माध्यम से जनजातीय चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विभिन्न जनजातीय कलाकार अपनी पारंपरिक चित्रकला और रचनात्मकता को प्रदर्शित करेंगे, जिससे लोगों को उनकी कला और संस्कृति के करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
‘आदि परिधान’ में पारंपरिक वेशभूषा की झलक
‘आदि परिधान’ कार्यक्रम के तहत जनजातीय वेशभूषा पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसमें पारंपरिक परिधान और आभूषणों की विशेष झलक देखने को मिलेगी, जो जनजातीय समाज की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगी।
सेमिनार और हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी होगी
‘आदि आख्यान’ के अंतर्गत जनजातीय विषयों पर सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ जनजातीय जीवन, परंपराओं और समाज पर विचार साझा करेंगे। वहीं ‘आदि हाट’ में जनजातीय शिल्पकारों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री भी होगी, इस दो दिवसीय आयोजन में जनजातीय संस्कृति और परम्पराओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय नृत्य, संगीत और लोककलाओं की रंगारंग झलक देखने को मिलेगी।




