CG News: बस्तर के विकास को मिलेगी नई दिशा, सड़क परियोजनाओं की अवधि बढ़ने पर मुख्यमंत्री साय ने जताई खुशी
CG News: केंद्र सरकार ने वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए RCPLWEA और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-I) की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
सड़क निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार
रायपुर। केंद्र सरकार ने वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए रोड कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट फॉर लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म अफेक्टेड एरियाज (RCPLWEA) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-I) की अवधि को 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने की स्वीकृति दी है। इस निर्णय से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग सहित राज्य के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में लंबित सड़क निर्माण कार्यों को पूरा करने में नई गति मिलेगी।
इन योजनाओं के तहत पहले से स्वीकृत परियोजनाओं के शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध हो सके और लोगों को आवागमन की सुगम सुविधा मिल सके।
केंद्र सरकार के निर्णय का किया स्वागत
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास और वहां के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती है। सड़क निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार के अवसरों और बाजार तक पहुंच आसान होती है, जिससे ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में विकास की गति तेज होती है।
विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी
उन्होंने कहा कि योजनाओं की अवधि बढ़ने से बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रशासनिक पहुंच भी मजबूत होगी और लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि इस निर्णय से प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और वहां के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।




