CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर, किरण निषाद बनीं प्रेरणा
CG News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक कहानी अरंग विकासखंड के ग्राम नगपूरा में देखने को मिली है। यहां की निवासी किरण निषाद अपने स्वयं के व्यवसाय के माध्यम से न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को भी मजबूती से निभा रही हैं। उनकी यह सफलता अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में महिलाओं को मिल रहा अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। इस पहल के तहत अनेक महिलाएं आज अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं और अपने परिवार व समाज के विकास में योगदान दे रही हैं।
बिहान समूह से जुड़कर मिली नई पहचान
किरण निषाद वर्ष 2014 से बिहान समूह से जुड़ी हुई हैं और लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। जिला प्रशासन के सहयोग और प्रोत्साहन से उन्होंने कपड़ों की दुकान के साथ-साथ ब्यूटी पार्लर का संचालन शुरू किया। उनके इस व्यवसाय से न केवल उनकी आय में वृद्धि हुई है, बल्कि आसपास की महिलाओं को भी स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलने लगी हैं।
व्यवसाय से मिल रही अच्छी आय
किरण निषाद बताती हैं कि अपने व्यवसाय के माध्यम से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 1.5 से 2 लाख रुपये तक की आय हो जाती है। इस आय से वे अपने बच्चों की पढ़ाई बेहतर तरीके से करवा पा रही हैं और परिवार के खर्चों में भी महत्वपूर्ण सहयोग दे रही हैं।
सरकार की पहल से बढ़ रहा आत्मविश्वास
किरण निषाद का कहना है कि प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। वे इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करती हैं। उनका मानना है कि सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक उन्नति के लिए किए जा रहे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं और आने वाले समय में और भी महिलाएं इससे प्रेरित होकर आगे बढ़ेंगी।




