CG News: छत्तीसगढ़ में विद्यालय की बगिया से बच्चों की थाली तक पहुंच रहा पौष्टिक आहार
CG News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अंतर्गत रामानुजनगर क्षेत्र के विद्यालयों में किचन गार्डन पहल बच्चों को ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रही है। स्कूल परिसर में उगाई जा रही जैविक सब्जियों को मध्यान्ह भोजन में शामिल किया जा रहा है। इससे बच्चों को बेहतर पोषण के साथ खेती और पर्यावरण का व्यावहारिक ज्ञान भी मिल रहा है
किचन गार्डन से मजबूत हो रहा पोषण
रामानुजनगर के विद्यालयों में संचालित किचन गार्डन योजना बच्चों के पोषण और शिक्षा को नई दिशा दे रही है। जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन और विकासखंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में यह पहल सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।इसी क्रम में माध्यमिक शाला पतरापाली का किचन गार्डन एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है। शिक्षकों के मार्गदर्शन में विकसित इस बगीचे से नियमित रूप से ताजी और पौष्टिक सब्जियां प्राप्त हो रही हैं, जिन्हें मध्यान्ह भोजन में शामिल कर विद्यार्थियों को अतिरिक्त पोषण दिया जा रहा है।

हाल ही में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ किचन गार्डन से लगभग 4 किलोग्राम ताजी सेमी (फली) की तुड़ाई की।
बच्चों ने सीखा श्रम, खेती और पर्यावरण का महत्व
किचन गार्डन की देखभाल में बच्चे स्वयं सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे पौधों की सिंचाई, निराई-गुड़ाई, देखभाल और तुड़ाई जैसी गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। इससे उन्हें श्रम का महत्व समझ में आ रहा है और खेती व पर्यावरण के प्रति व्यवहारिक ज्ञान भी प्राप्त हो रहा है।

विद्यालय के शिक्षक योगेश साहू ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें जैविक खेती के प्रति जागरूक बनाना और व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ना है। ताजी सब्जियों के उपयोग से मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसका सकारात्मक असर बच्चों के स्वास्थ्य पर दिखाई दे रहा है।
अभिभावकों ने की सराहना
विद्यालय परिवार का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में प्रकृति प्रेम, जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करती हैं। इस अवसर पर शिक्षक कृष्णकुमार यादव, अनिता सिंह, योगेश साहू, रघुनाथ जायसवाल सहित अभिभावक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए बेहद लाभकारी हैं।
आगे भी जारी रहेगी पहल
विद्यालय प्रशासन ने संकल्प लिया है कि आगे भी किचन गार्डन में विभिन्न मौसमी सब्जियों की खेती जारी रखी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को निरंतर पोषण और व्यवहारिक ज्ञान मिलता रहे।




