CG News: नक्सल प्रभावित सुकमा से आत्मनिर्भरता की ओर, आकांक्षा प्रोजेक्ट के तहत 35 युवा रोजगार हेतु रवाना
CG News: नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के 35 युवा (16 युवतियां एवं 19 युवक) प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार प्राप्त करने के लिए चेन्नई के लिए रवाना हुए, यह पहल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में संचालित प्रयासों का परिणाम है.
जिला प्रशासन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में संचालित ‘आकांक्षा – सशक्त युवा, सशक्त सुकमा’ कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित युवाओं को लाइवलीहुड कॉलेज परिसर से हरी झंडी दिखाकर चेन्नई के लिए रवाना किया गया, युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था.

राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में अवसर
जिला प्रशासन ने चेन्नई स्थित ड्राइव मैनेजमेंट सर्विसेज के साथ विशेष एमओयू किया है, इसके माध्यम से सुदूर अंचलों के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
16 युवतियों की भागीदारी से आत्मनिर्भरता को बल
चयनित युवाओं में 16 युवतियों की भागीदारी महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, यह पहल आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ-साथ सामाजिक दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव का संकेत देती है.
युवाओं को आत्मविश्वास और कौशल प्रदान करना लक्ष्य
कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि, ‘आकांक्षा – सशक्त युवा, सशक्त सुकमा’ कार्यक्रम केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास को नई उड़ान देने का माध्यम है, उनका उद्देश्य है कि, सुकमा का प्रत्येक युवा कौशलयुक्त बने और उसे आजीविका के लिए श्रेष्ठ मंच प्राप्त हो, ग्राम आसिरगुड़ा निवासी सोड़ी बसंती और बोरगुड़ा निवासी सोनिया नुप्पो ने इस अवसर को अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए जिला प्रशासन एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया.
मुख्यधारा से जोड़ने का उद्देश्य
सुकमा जिला प्रशासन भविष्य में रोजगार मेलों, कौशल प्रशिक्षण और उद्योग साझेदारियों के माध्यम से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है, महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर, लाइवलीहुड कॉलेज के प्रभारी अधिकारी कैलाश कश्यप सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.




