CG News: हाथकरघा बुनकर संघ ने 280.23 करोड़ रुपए का बजट किया पारित, बुनकर हित और विपणन विस्तार पर जोर
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा बुनकर संघ की वार्षिक आमसभा में वर्ष 2026-27 के लिए 280.23 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट ध्वनि मत से पारित किया गया, बैठक में मांग आदेशों में लगातार कमी पर गंभीर चिंता जताई गई और विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने सहित कई अहम निर्णय लिए गए.
संघ अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
आमसभा वीआईपी चौक, रायपुर स्थित एक निजी होटल में हुई, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर, धमतरी, बलौदाबाजार, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और कांकेर जिलों से 96 प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

वित्तीय प्रतिवेदन और आगामी बजट पारित
बैठक में वर्ष 2024-25 के वित्तीय प्रतिवेदन और वर्ष 2025-26 में 31 जनवरी 2026 तक की वास्तविक आय-व्यय का अनुमोदन किया गया, आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 280.23 करोड़ रुपए का वार्षिक बजट पारित कर संघ की गतिविधियों के विस्तार पर सहमति बनी.
शासकीय आदेशों में कमी पर चिंता और सुझाव
प्रतिनिधियों ने सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास कर शासकीय विभागों से अधिक से अधिक मांग आदेश प्राप्त करने, निष्क्रिय प्राथमिक बुनकर समितियों की सदस्यता समाप्त करने और बुनाई मजदूरी व सेवा प्रभार में वृद्धि की मांग की.
एनआईसी सिस्टम से विभागीय निगरानी आसान होगी
ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्याम धावड़े ने बताया कि, ऑनलाइन इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से सभी विभाग संघ में उपलब्ध वस्त्र स्टॉक की जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे, संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने कहा कि, कोसा और कॉटन उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री बढ़ाने के लिए निफ्ट डिज़ाइनरों और मार्केटिंग कंसल्टेंट की सेवाएं ली जाएँगी.
प्रदेश और महानगरों में शोरूम योजना
संघ ने बस्तर संभाग के जगदलपुर में शोरूम प्रारंभ किया है, इसके अलावा अम्बिकापुर, रायगढ़, बिलासपुर, बालोद, डोंगरगढ़ और चंद्रपुर में शोरूम खोलने की तैयारी है, राज्य के बाहर मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और बेंगलुरु में भी शोरूम प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा गया, प्रदेश स्तरीय बुनकर सम्मेलन में प्रोत्साहन पुरस्कार, वरिष्ठ बुनकर सम्मान और उच्च शिक्षा प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी.
हाथकरघा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि, राज्य सरकार हाथकरघा और ग्रामोद्योग क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और बुनकरों की आय दोगुनी करने के लिए गंभीर पहल कर रही है, संघ के पूर्व अध्यक्ष कमल देवांगन, वित्त विभाग के दिवाकर राठौर, सहकारिता विभाग केश्री उमेश तिवारी, ग्रामोद्योग विभाग के अमृत यादव, संयुक्त संचालक हाथकरघा ए. अयाज़ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.



